चौबेपुर। आर्मी इंटेलिजेंस की सूचना पर पुलिस मुठभेड़ में चौबेपुर से गिरफ्तार तीन बदमाशों को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। आरोपियों की शिनाख्त चंदौली के धानापुर के गुरेहूं के मनोज यादव उर्फ रंजय व श्रीकांतपुर के पंकज तिवारी और सकलडीहा के डेढ़गांवा निवासी राहुल सिंह के तौर पर हुई है। मौके से डेढ़गांवा निवासी संत सिंह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। आरोपियों के पास से सेना को सप्लाई की जाने वाली 66 बोतल अंग्रेजी शराब, एक रिवाल्वर, एक तमंचा, एक कारतूस, एक कार और एक बाइक बरामद की गई है। आरोपियों से पूछताछ के लिए आर्मी इंटेलिजेंस की टीम भी चौबेपुर थाना पहुंची थी।
आर्मी इंटेलिजेंस की सूचना पर चौबेपुर थानाध्यक्ष ओम नारायण सिंह ने मंगलवार को चौबेपुर चौराहा पर वाहनों की चेकिंग शुरू कराई। इसी दौरान एक सफेद कार और पल्सर बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो दोनों तेजी से बनारस की ओर भागे। चौबेपुर कस्बे के बाहर घेरेबंदी की गई तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन गिरफ्तार हुए जबकि एक भाग निकला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चंदौली के बलुआ से आ रहे थे। सेना को सप्लाई होने वाली शराब के साथ ही अवैध असलहों की तस्करी कर बनारस और आसपास के जिलों में बेचते हैं। थानाध्यक्ष चौबेपुर ने बताया कि आरोेपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में पता लगाने के साथ ही मौके से भागे संत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए एक पुलिस टीम लगाई गई है।