ज्ञानपुर (भदोही)। खरीफ सीजन के लिए किसान धान की रोपाई को लेकर नर्सरी डालना शुरू कर दिए हैं। 15 जून तक ज्यादातर किसान नर्सरी डाल लेंगे। इस साल जिले में 47 हजार हेक्टेअर धान रोपाई का लक्ष्य तय किया गया है। पंजीकृत किसानों को कई अनुदानित बीज कृषि विभाग के माध्यम से दिया जाएगा। जिले में एक लाख 63 हजार किसान हैं।
कृषि प्रधान देश में ज्यादातर खेतीबारी मानसून पर ही निर्भर रहती है। मौसम वैज्ञानिकों की ओर से जारी आंकड़े के बाद किसान धान की रोपाई के लिए नर्सरी डालने में जुट गए हैं। मानसून बेहतर होने की उम्मीद में किसान पूर्व के वर्षों से अधिक नर्सरी डाल रहे हैं। कृषि विभाग के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो इस साल बारिश में 47 हजार हेक्टेअर में धान की रोपाई का लक्ष्य तय किया गया है। जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि किसान नर्सरी डालने लगे हैं। जून के पहले सप्ताह से 15 जून तक नर्सरी डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग के पास इस बार सियाट 1, मालवीय सुगंधा 105, एनडीआर 2065 के बीज आए हैं। हरित क्रांति योजना में 100 प्रतिशत अनुदान किसानों को मिलेगा। इसके लिए 750 हेक्टेअर लक्ष्य रखा गया है जबकि सामान्य बीज वितरण योजना में 20 रुपये प्रति किलो किसानों को अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से कहा कि वह मिट्टी की जांच और बीज शोधन के बाद ही नर्सरी डालें। नर्सरी में समय से पानी दें। पंजीकरण कराने वाले किसानों को ही अनुदान का लाभ दिया जाएगा।