वाराणसी। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे के बाद प्रशासन अब जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक वाल्टर स्टाइनमायर के आगमन की तैयारियों में जुट गया है। 22 मार्च के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर पीएमओ की ओर से गंगा आरती सहित कुछ अन्य ब्यारे मांगे गए थे, जिन्हें जिला प्रशासन ने उपलब्ध करा दिया है।
बताया जा रहा है कि व्यस्त कार्यक्रम होने की वजह से पीएम 22 मार्च को जर्मनी के राष्ट्रपति के साथ नहीं आ पाएंगे। राज्यपाल और किसी वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वागत के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट आ सकते हैं। स्टाइनमायर के साथ जर्मनी का प्रतिनिधिमंडल भी आएगा। अभी अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है लेकिन बताया जा रहा है कि जर्मनी के राष्ट्रपति 22 मार्च की सुबह यहां आएंगे और यहीं रात्रि प्रवास भी कर सकते हैं। वह अगले दिन वाराणसी से दिल्ली जाएंगे।
22 मार्च को उनका बीएचयू के भारत कला भवन और सारनाथ के अलावा दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती देखने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। स्टाइनमायर सोशल डेमोक्रेट पार्टी के सदस्य हैं और जर्मनी के लोकप्रिय राजनेताओं में से एक हैं।