घबराएं या डरें बिल्कुल नहीं, संयम से काम लें
एडीसीपी क्राइम/ वरुणा जोन सरवणन टी ने कहा कि अनजान नंबर से कॉल कर डराने या धमकाने की कोशिश हो तो घबराएं नहीं, संयम से काम लें। तत्काल 1930 टोल फ्री नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं या https://cybercrime.gov.in पर संपर्क करें।
नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क से भी मदद ले सकते हैं। पांच लाख या उससे ज्यादा का साइबर फ्रॉड हो तो साइबर क्राइम पुलिस थाने जाकर मदद लें। साइबर फ्रॉड की कॉल से जो घबरा जाते हैं या उनकी बातों में उलझ जाते हैं, ज्यादातर वही शिकार बनते हैं।
इन बातों पर अमल कर रह सकते हैं सुरक्षित
- बैंक खाते की जानकारी संबंधी बातचीत की जाए तो समझ लें कि कॉल साइबर फ्रॉड की है।
- फोन पर लिंक भेज कर उसे क्लिक करने या एप डाउनलोड करने को कहा जाए तो कतई न करें।
- किसी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर गूगल से न खोजें। कंपनी की वेबसाइट पर जाएं।
- घर बैठे पैसे कमाने का ऑफर या कम निवेश में ज्यादा लाभ का मैसेज आए तो सतर्क हो जाएं।
- वारंट, गिरफ्तारी, कूरियर में मादक पदार्थ, आरबीआई से अकाउंट वेरिफाई, बेटा या पिता गिरफ्तार हुए हैं... जैसी बातें फोन पर कोई कहे तो उस पर विश्वास न करें।
- डेबिट-क्रेडिट कार्ड का पिन और नेट बैंकिंग व ई-मेल का पासवर्ड बदलते रहें।
- अनजान नंबर से आए फोन, लिंक वाले मैसेज और वीडियो कॉल को रिसीव करने से परहेज करें।