वाराणसी। सातवें चरण के मतदान के तीन दिन पहले पूर्वांचल को साधने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में तीन दिन का प्रवास कर सकते हैं। 16 मई की शाम को मिर्जापुर में रैली के बाद पीएम मोदी के काशी प्रवास की योजना बनाई जा रही है। मतदान के दिन भी पीएम मोदी वाराणसी संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी के रूप में रुक सकते हैं।
2017 के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी में तीन दिन का प्रवास किया था और वाराणसी की आठ विधानसभा सहित पूर्वांचल में बड़ी बढ़त बनाई थी। भाजपा एक बार फिर उसी फार्मूले को लोकसभा चुनाव में दोहराने में जुटी है। पूर्वांचल दौरे में 16 मई को पीएम मोदी मिर्जापुर में रैली करेंगे और इसके बाद उनका रात्रि प्रवास काशी में हो सकता है। पार्टी सूत्रों की मानें तो मतदान से पहले पीएम के काशी प्रवास से पूर्वांचल में भाजपा का माहौल बनाने की तैयारी है। कारण, 15 मई को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी में रोड शो करेंगी और 16 मई को सपा-बसपा की संयुक्त रैली में पूर्व सीएम मायावती व अखिलेश यादव की जनसभा होगी।
17 मई को प्रचार थम जाएगा और स्टार प्रचारकों सहित अन्य लोगों को संसदीय क्षेत्र छोड़ना होगा। प्रत्याशी होने के नाते पीएम मोदी वाराणसी में 19 मई तक चुनाव प्रचार किए बिना रुक सकते हैं। 13 मई से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 17 मई तक काशी को केंद्र बनाकर चुनाव क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान ही इस कार्ययोजना पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।