वाराणसी। नमामि गंगे राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन गंगा मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित गंगा स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ शनिवार को दशाश्वमेध घाट पर गंगा तलहटी की सफाई कर हुआ। सफाई के दौरान गंगा तल से लोगों द्वारा विसर्जित किए गए कपड़े, पॉलिथीन में भरी पूजन सामग्री, तस्वीरें और अन्य सामग्रियों को निकाला गया।
नमामि गंगे के संयोजक राजेश शुक्ला ने लोगों को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कहा कि गंगा संरक्षण के लिए हमें जन भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। 16 से 31 मार्च तक चलने वाले गंगा स्वच्छता पखवाड़ा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गंगा गोष्ठी, पेंटिंग प्रतियोगिता, वृक्षारोपण, रैलियां और श्रमदान शामिल है। आयोजन में प्रमुख रूप से शिवदत्त द्विवेदी, शिवम अग्रहरि, अमन गुप्ता, रामप्रकाश जायसवाल आदि शामिल रहे।