वाराणसी। उत्तर प्रदेश आरक्षी भर्ती परीक्षा के कारण शहर में यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। रविवार को अवकाश के बाद भी शहर जाम से जकड़ा रहा। परीक्षा शुरू होने से पहले और समाप्त होने के कई घंटे बाद तक जाम लगा रहा। स्थिति यह रही कि देर शाम तक शहर के कुछ इलाकों में पैर रखना तक मुश्किल था।
परीक्षा के कारण सुबह कैंट, तेलियाबाग, सिगरा, रथयात्रा, लहरतारा, राजा तालाब में जाम रहा। दोपहर में इन इलाकों से गुजरना भारी हो गया। वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर खूब भीड़ थी। बसों और वाहनों में लोगों को जगह नहीं मिल पा रही थी। बसों के डिपो में प्रवेश करते ही छात्र उसे घेर ले रहे थे। इससे उतरने और चढ़ने वालों के बीच नोंकझोक हो रही थी। शाम पांच बजे परीक्षा समाप्त होने के कुछ समय बाद ही सड़कों पर जाम से स्थिति बदतर हो गई। देर शाम सात बजे तक बस स्टैंड पर बसों की कमी के कारण परीक्षार्थी कैंट स्टेशन की ओर उमड़ पड़े। इससे बस स्टेशन से कैंट स्टेशन तक भीषण जाम लग गया।