वाराणसी। राजमंदिर गायघाट निवासी मनोज यादव की हत्या के मामले में हाल ही में जेल से छूटे एक बदमाश का नाम सामने आया है। इसके साथ ही कोतवाली पुलिस के रडार पर क्षेत्र के ही कुछ अन्य संदिग्ध भी हैं। हालांकि मनोज की हत्या का कारण तीसरे दिन रविवार को भी स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस इलाके के तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोतवाली थाना अंतर्गत पंचगंगा घाट पर शुक्रवार को मनोज यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मनोज 28 फरवरी को जेल से छूटकर आया था। घटना के संबंध में परिवारीजनों ने कोतवाली थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। जांच में सामने आया है कि वारदात के दौरान मनोज के दोस्त उसके साथ थे और शराब के नशे में उनके बीच विवाद भी हुआ था। जिसके बाद मनोज को पेट में गोली मार दी गई। इस मामले में कोतवाली पुलिस के सामने एक बदमाश का नाम सामने आया है और बताया जाता है कि वह मनोज के साथ जिला कारागार में निरुद्ध था। इस संबंध में इंस्पेक्टर कोतवाली ने कहा कि तफ्तीश जारी है।