बड़ागांव। एयर इंडिया के विमान से कोलकाता जाने के लिए मंगलवार को लालबहादुर शास्त्री, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर पहुंचे वियतनाम के पर्यटक नगुयेन औह केट की हृदयाघात से मौत हो गई। वह अपने साथियों के साथ वाराणसी घूमने आए थे।
वियतनाम के पर्यटकों का दल सोमवार को वाराणसी आया था। यहां से भ्रमण के बाद उन्हें कोलकाता जाना था। मंगलवार की सुबह 10 बजे नगुयेन अपने साथियों के साथ एयरपोर्ट पहुंचे। पार्किंग एरिया से डिपार्चर गेट की ओर जाते समय उनके सीने में दर्द हुआ और वह गिर पड़े। वहां मौजूद लोडरों की मदद से उनके साथी उन्हें उठाकर टर्मिनल के अंदर स्थित मेडिकल इमरजेंसी रूम में ले गए। उस समय वहां कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। पाउंडर वीरेंद्र ने उन्हें प्राथमिक उपचार मुहैया कराया कराया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें एयरपोर्ट की एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़ागांव ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. शेर मोहम्मद ने हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। डॉ. मोहम्मद ने बताया कि जब उनके पास मरीज पहुंचा, तब उसकी हालत काफी नाजुक थी। ऐसे में प्राथमिक इलाज देकर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां से उन्हें पं. दीनदयाल उपाध्याय, जिला चिकित्सालय लेकर साथी पहुंचे, जहां इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. राजेश पासवान ने मृत घोषित कर दिया। डॉ. पासवान ने बताया कि उनके पास जब मरीज पहुंचा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।