वाराणसी/हरहुआ। चोरों ने शुक्रवार की रात फिर पुलिस को खुलेआम चुनौती दी। लंका में छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने नशीला स्प्रे छिड़क कर सो रहे घरवालों को अचेत कर दिया। फिर इत्मीनान से आलमारी खोलकर 35 हजार रुपये नगद और पांच लाख से अधिक कीमत के जेवरात समेट ले गए। इसी रात चोरों ने कैंट और बड़ागांव थाना क्षेत्र के दो बंद पड़े मकान को भी निशाना बनाया। ताला तोड़कर लाखों के सामान उठा ले गए। सूचना पर पुलिस ने तीनों स्थानों का मौका मुआयना किया लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा सकी।
लंका थाना अंतर्गत सुसुवाही, कर्मनबीर निवासी राजेश पांडेय एक फाइनेंस कंपनी में एरिया मैनेजर हैं। छठ पूजन के पारण के बाद राजेश के परिवार के लोग शुक्रवार की रात जल्दी सो गए थे। राजेश बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती अपने भाई गणेश के पास चले गए थे। देर रात मौका पाकर घर में घुसे चोरों ने परिवार के लोगों पर नशीला स्प्रे छिड़का। आलमारी खोलकर नगदी-जेवरात समेट ले गए। स्प्र्रे का असर कम हुआ तो सुबह लोगों की नींद खुली। सभी को चक्कर आ रहा था। कमरों से अजीब किस्म की गंध आ रही थी। सूचना मिलने के लगभग छह घंटे बाद चितईपुर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। कागजी खानापूर्ति कर पुलिस लौट आई। उधर, कैंट थाना अंतर्गत लालपुर क्षेत्र की कल्पना विहार कॉलोनी निवासी बीएसएनएल के सेवानिवृत्त अधिकारी इंद्रमणि चौरसिया परिवार के साथ छठ पूजा के मद्देनजर पैतृक आवास बलिया गए थे। शनिवार को वापस लौटकर आए तो घर के ताले और आलमारियां टूटी मिलीं। इंद्रमणि चौरसिया के अनुसार चोर उनके घर से 20 हजार रुपये और चार लाख से ज्यादा कीमत के जेवरात चुरा ले गए हैं। वहीं, बड़ागांव थाना अंतर्गत भेलखा गांव निवासी आशा कार्यकर्ता ममता देवी छठ पूजा के मद्देनजर अपने मायके होलापुर गई थीं। शनिवार की सुबह वापस लौटी तो यहां घर का ताला टूटा पड़ा था। अंदर कमरों में सामान अस्तव्यस्त पड़े थे। ममता देवी के मुताबिक आलमारी तोड़कर चोर दस हजार रुपये और लगभग तीन लाख से ज्यादा कीमत के जेवरात चुरा ले गए।