वाराणसी। बीएचयू के दृश्य कला संकाय के मूर्ति कला विभाग में शुक्रवार को क्लास में बैठे समीर यादव को विरोधी गुट के छात्रों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया। हाकी और रॉड से पीटने के बाद असलहा सटा उसे बिरला अ छात्रावास में ले गए। यहां भी समीर की पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद नाराज छात्रों ने लंका थाने का घेराव किया और तहरीर दी।
आरोप है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रोक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक बने रहे। घटना की जानकारी होने पर समीर के दोस्त उसे ट्रामा सेंटर ले गए और भर्ती कराया। समीर के दोस्तों ने आरोपी आशुतोष सिंह , गौरव सिंह, अभिषेक सिंह, शिवम सिंह सहित 50 अज्ञात युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लंका थाने का घेराव कर दिया। एसओ लंका राजीव सिंह ने छात्रों को बताया की सभी के खिलाफ बलवा, समेत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद छात्र शांत हुए।