औराई/दुर्गागंज। औराई और दुर्गागंज पुलिस ने वरुणा पुल बॉर्डर और कोहिनूर कालीन कंपनी, बारीगांव बाइपास के पास से बुधवार की रात छिनैती गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के चार मोबाइल और घटना में शामिल तीन बाइकों को बरामद किया।
एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि दुर्गागंज पुलिस ने शनि पटेल और अजीत पटेल निवासी अभोली, औराई पुलिस ने दिन्नू नट, दिनेश यादव निवासी जोगियापुर मिर्जामुराद वाराणसी और दीनदयाल सरोज निवासी कैयरमऊ, मृदुल पांडेय निवासी मटकीपुर को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने छिनैती करने की बात को स्वीकार किया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके सभी को जेल भेज दिया है। दुर्गागंज के सरायभाव सिंह निवासी दिलीप कुमार ने छह जनवरी को तहरीर दी कि उनका भतीजा अंकित कुमार साइकिल से छनौरा बाजार जा रहा था। नहर के पास दो बाइक सवार उनके भतीजे का मोबाइल छीनकर भाग गए।
औराई की आंचल ने तहरीर दिया कि 13 अप्रैल 2025 को वह मायके जा रहीं थीं। भमौरा के पास बाइक सवार उसके गले से सोने की चेन छीनकर भाग गए। औराई के बारीगांव निवासी उमाशंकर यादव ने 20 फरवरी को तहरीर दी कि रात में वह कोठरा जा रहा था कि बाइक सवार तीन युवक उसका मोबाइल छीनकर भाग गए।
महदेपुर के रमेश कुमार ने 26 फरवरी 2026 को तहरीर दी कि माधोसिंह रेलवे क्रॉसिंग के पास शाम को बाइक सवार मोबाइल छीनकर भाग गए। पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज छानबीन शुरू की। संवाद