प्रयागराज। असम से दिल्ली बेचने के लिए ले जाई जा रहीं दो बच्चियां चाइल्ड लाइन की सतर्कता से बच गईं। टीम ने न सिर्फ बच्चियों को बचाया बल्कि आरोपी महिला को भी आरपीएफ के हवाले कर दिया। बच्चियों को लेने पिता वाराणसी से रवाना हो गए हैं।
चाइल्ड लाइन के अजीत सिंह के अनुसार, शनिवार दोपहर सूचना मिली कि दिल्ली जा रही नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से एक महिला 11 साल की बच्ची को बेचने के लिए दिल्ली जा रही है। टीम ने ट्रेन के जंक्शन पहुंचने पर छानबीन शुरू की तो एक कोच में एक महिला के साथ दो बच्चियां मिलीं। पूछताछ में महिला हड़बड़ा गई। उधर बच्चियों ने बताया कि वह दोनों बहनें हैं और असम के तिलसुनिया की रहने वाली हैं। उनका पिता काम के सिलसिले में वाराणसी में रहता है। महिला उन्हें काम दिलाने की बात कहकर अपने साथ लाई है। आरोपी महिला को आरपीएफ के हवाले कर टीम बच्चियों को अपने कार्यालय ले गई। चाइल्ड लाइन अफसरों के अनुसार, पिता ने बच्चियों को दिल्ली ले जाए जाने की जानकारी से इंकार किया है। आरोपी महिला पहले भी मानव तस्करी के आरोपों में पकड़ी जा चुकी है। उधर, जीआरपी इंस्पेक्टर रघुबीर सिंह ने ऐसे किसी भी मामले की जानकारी से इंकार किया।