दानगंज। कुछ दिनों पहले प्रेमी के साथ भागी प्रेमिका को लेकर चौकी पर पंचायत बैठी तो उसका समापन सुखद रहा और दोनों पक्ष की सहमति से इनकी शादी करा दी गई। मामला चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है जहां पर एक ही जाति बिरादरी के दो युवक, युवती में मुहब्बत हुई और फिर परिजनों के विरोध करने पर दोनों घर से भाग गए। उनकी इधर-उधर तलाश चल रही थी कि इसी बीच दोनों वापस घर लौटे। इसको लेकर अजगरा पुलिस चौकी पर पंचायत बैठी तो दोनों को जीवनभर के लिए शादी के बंधन में बंधने का निर्णय लिया गया।
तीन घंटे तक दोनों पक्षों के बीच आपस में बातचीत होती रही। लड़की पक्ष के लोगों ने कहा कि हम शादी को तैयार हैं। जबकि लड़का पक्ष ने बताया कि उसके बडे़ लड़के की शादी होनी है। शादी के बाद इन दोनों का विवाह करा दिया जाएगा। प्रेमी युगल ने यह फैसला मानने से इनकार कर दिया। साथ ही शादी नहीं हुई तो कुछ भी करने की धमकी दी। बाद में बौद्ध मंदिर में दोनों पक्षों को लाया गया जहां पर शादी करा दी गई।