वाराणसी। प्रथम पं. मदन मोहन मालवीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता में मालवीय स्पोर्टिंग क्लब और लालपुर अकादमी ने अपने-अपने मैच जीत कर पूरे अंक प्राप्त किए।
बीएचयू के नवनिर्मित हॉकी एस्ट्रो टर्फ पर खेले गए उद्घाटन मैच में मालवीय स्पोर्टिंग ने सुरजीत अकादमी को 2-1 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से अभिजीत और प्रद्युम्न ने एक-एक तथा पराजित टीम की ओर से समीर ने एक गोल किया। दूसरे मैच में लालपुर अकादमी की टीम ने कैंट स्टार को 5-0 से शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से इरफ ान हुसैन ने दो व विजय कुमार, आबिद हुसैन व सोनू पटेल ने एक-एक गोल दागा। मैच से पहले बीएचयू के मुख्य अतिथि वित्त अधिकारी डॉ. एसबी पटेल और विशिष्ट अतिथि छात्र अधिष्ठाता प्रो. एमके सिंह ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. डीसी राय ने अतिथियों का स्वागत किया। महासचिव प्रो. बीसी कापड़ी ने संचालन किया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के सभी पदाधिकारी, विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के अधिकारी व कर्मचारी गण तथा विश्वविद्यालय के शिक्षक गण व गौरी शंकर, नन्हें श्री रामबली, डॉ. अखिल मेहरोत्रा, प्रो. निर्मला होरो, जेपी सोनकर आदि उपस्थित रहे।