वाराणसी। पिछले सप्ताह तीन दिन की बंदी के बाद बैंक इस सप्ताह भी तीन दिन बंद रहेंगे। इसमें मंगलवार को क्रिसमस अवकाश, 26 दिसंबर को बैंक कर्मचारी की हड़ताल और फिर रविवार को अवकाश रहेगा। ऐसे में यदि जरूरी काम है तो आज ही निपटा लें, नहीं तो परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उधर, जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों के एटीएम में कैश की किल्लत है जो आगे भी बनी रह सकती है।
वेतन विसंगति, पेंशन सहित अन्य मांगों के लिए बैंक शुक्रवार 21 दिसंबर को हड़ताल, 22 दिसंबर को महीने का चौथा शनिवार और फिर रविवार होने की वजह से बंद रहे। इस वजह से शहर के लहुराबीर, सुंदरपुर, चांदपुर, लहरतारा, सिगरा इलाके में कई एटीएम में कैश का संकट रहा। इस सप्ताह भी सोमवार से रविवार तक सात दिन में बस चार दिन ही बैंक खुलेंगे, ऐसे में समस्या कम नहीं होने वाली है।
ऑल इंडिया बैंक आफिसर्स कंफेडरेशन के आह्वान पर हुई एक दिन की हड़ताल से 400 करोड़ का लेन-देन प्रभावित होने के साथ ही दस हजार के चेकों का निस्तारण नहीं हो सका था। अग्रणी बैंक प्रबंधक मिथिलेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को क्रिसमस के बाद बुधवार होने वाली हड़ताल में ऑफिसर्स, इंप्लाइज सहित बैंक सेवा से जुड़े सभी लोग कामकाज ठप कर मांगों पर कार्रवाई न होने पर विरोध जताएंगे। बताया कि एटीएम में कैश संकट की वजह लगातार तीन दिन बैंक और करेंसी चेस्ट का बंद होना है। सोमवार को बैंक खुलने पर कैश भरा जाएगा, ताकि लोगों को असुविधा न हो।