वाराणसी। हाईकोर्ट के आदेश पर रविवार को जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने खस्ताहाल प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों की जांच की। इसमें जर्जर भवनों के मरम्मत के लिए जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया। जिलाधिकारी स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी खामियों को तत्काल दुरुस्त करने को कहा है। 21 अगस्त को पूरी रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने शहर के औसानगंज, बुलानाला, नक्की घाट, रामघाट, कमलगड़हा, काल भैरव, दारानगर आदि क्षेत्रों के प्राथमिक विद्यालयों भवन की जर्जर स्थिति की शिकायत पर 17 विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण किया। वहां के भवनों की स्थिति, शौचालयों में पानी की व्यवस्था दरवाजे इत्यादि, पेयजल की व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, चाहरदीवारी का अवलोकन करने के साथ ही अभिलेखों का भी अवलोकन किया। औसानगंज के प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के साथ ही वहां एक ही कक्ष में 40 बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था देखकर बेसिक शिक्षा अधिकारी को भवन निर्माण हेतु कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि कई जगहों पर किराये पर चल रहे स्कूलों की हालत खराब है, वहां व्यवस्थाएं सुधारने को कहा गया है। वाराणसी के खस्ताहाल स्कूलों पर जनअधिकार मंच ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है और उसी पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने जिलाधिकारी को निरीक्षण कर रिपोर्ट मांगी है।