भदोही। अपनी ही पार्टी के विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी द्वारा नगर पालिका पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर बुधवार को पालिकाध्यक्ष ने सिरे से नकारते हुए कहा कि मैं किसी भी प्रकार की जांच का सामना करने को तैयार हूं। अध्यक्ष ने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुझे कार्यभार संभाले अभी छह महीने हुए हैं। मैं बारी-बारी से समस्याओं को दूर कर रहा हूं।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड की बैठक 40 मिनट तक चली थी। वह इसलिए कि तीन महिला सभासदों की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके तत्काल बाद उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई। विधायक की नाराजगी के बावत कहा कि हो सकता है कि उनके पहुंचने पर बैठक खत्म होने से वह नाराज हुए हों। वे हमारे विधायक हैं मैं उनका पूरा सम्मान करता हूं। ईओ के ड्यूटी से गायब रहने के आरोपों पर अध्यक्ष ने ईओ की तरफदारी की। कहा कि ईओ कुछ दिनों से अपनी माता की बीमारी को लेकर परेशान हैं। उनकी मां गाजियाबाद में भर्ती हैं। वहीं, सबमर्सिबल पंप लगाने में पांच के बजाए 25 लाख रुपये खर्च करने के आरोपों पर अध्यक्ष ने कहा कि पंप लगवाने में तीन लाख की लागत आती है। विधायक बताएं कि कहां 25 लाख खर्च हुआ है। कहा कि मैं लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत सबको साथ लेकर चल रहा हूं। मैं किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हूं। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष प्रिंस गुप्ता, ओम सिंह, विनीत बरनवाल, रमेश प्रजापति, गुलाम संजरी, करुणा शंकर दूबे, गिरधारी जायसवाल, अरविंद मौर्य, अशोक पाल, जितेंद्र यादव, संजय यादव आदि उपस्थित रहे।