लालानगर/गोपीगंज। लालानगर टोल प्लाजा के समीप शनिवार की शाम को एक कंटेनर चालक ने खलासी को चलती गाड़ी से फेंक दिया। इसके बाद वाहन लेकर फरार हो गया। इससे खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल खलासी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में भर्ती कराया।
हरियाणा के करनाल से हावड़ा जा रहा कंटेनर इलाहाबाद-वाराणसी राजमार्ग पर शनिवार की शाम लालानगर टोल प्लाजा के समीप पहुंचा था। इसी समय किसी बात को लेकर चालक प्रदीप कुमार और खलासी मुमताज के बीच विवाद हो गया। इससे गुस्साए चालक ने खलासी मुमताज को चलते कंटेनर से नीचे फेंक दिया और कंटेनर को लेकर भाग गया। घायल खलासी सड़क के किनारे तड़प रहा था, तभी कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मुमताज को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायल खलासी ने बताया कि वह घर जाने के लिए कह रहा था। चालक ने उसे मारपीट कर नीचे फेंक दिया। घायल खलासी पश्चिम बंगाल के हावड़ा के जगदीशपुर साइमपुर का निवासी है। घायल खलासी ने चालक के खिलाफ गोपीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।