वाराणसी। कोतवाली थाना अंतर्गत प्रधान डाकघर के बगल में स्थित सुलभ शौचालय के बाहर शनिवार की देर रात गाजीपुर के सादात क्षेत्र की विवाहिता के अपहरण का प्रयास किया गया। विवाहिता का आरोप है कि जब वह शौचालय के अंदर गई तो किसी ने बाहर से दरवाजे की कुंडी बंद कर दी थी। किसी प्रकार से दरवाजे को हिला-डुला कर जब वो बाहर निकली तो बाहर कुछ लोग उसे जबरन ऑटो में बैठा कर मैदागिन की ओर ले जाने का प्रयास किए। मगर वो शोर मचाते हुए किसी तरह से ऑटो सवार अपहरणकर्ताओं के चंगुल से खुद को छुड़ा कर सड़क के दूसरी ओर खड़े अपने पति और बच्चों के पास जा पहुंची।
विवाहिता ने जब पति को आपबीती सुनाई तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। इस बीच ऑटो सवार चार युवक मौके से भाग निकले। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सुलभ शौचालय के संचालक अलीनगर निवासी अजय सिंह को हिरासत में ले लिया। पीडि़ता के पति ने बताया कि वह पत्नी के साथ बच्चों की दवा लेने वाराणसी आए थे। घटना के वक्त अपने दोनों बच्चों के साथ एक रेस्टोरेंट के बाहर खड़े थे। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि अजय सिंह को हिरासत में लेकर घटना के बाबत पूछताछ की जा रही है। हालांकि विवाहिता और उनके पति ने किसी प्रकार की कार्रवाई न किए जाने की तहरीर पुलिस को दी है।