वाराणसी। आयकर रिटर्न भरने, समय से आयकर अदा करने आदि से जुड़ी जानकारियां, सुझाव और समस्याओं पर विचार करने के लिए बुधवार को मकबूल आलम रोड स्थित आयकर कार्यालय में व्यापारियों-उद्यमियों के साथ आयकर आयुक्त सुनील माथुर ने बैठक की।
बैठक में उन्होंने कहा कि उद्योग भले ही छोटा हो लेकिन आयकर पंजीकरण करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आयकर विवरणी दाखिल करने के लिए नियमों को काफी सरल बनाया गया है। इसे व्यापारियों तक पहुंचाने में औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों की बड़ी भूमिका है।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के डिवीजनल चेयरमैन आरके चौधरी ने कहा कि आयकर विभाग में पंजीकरण के बिना छोटे से छोटे व्यापार या उद्योग चलाना संभव नहीं है। जीएसटी और नोटबंदी के चलते एक साल में उद्योग एवं व्यापार में काफी गिरावट आई है और इसका असर आयकर विवरणी दाखिले में भी दिखाई दे रहा है।
आईआईए वाराणसी चैप्टर के चेयरमैन राजेश भाटिया ने कहा की नए उद्यमियों एवं व्यापारियों को आयकर से जोड़ने के अभियान में सभी संगठन सरकार के साथ हैं। बैठक में वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री अजीत सिंह बग्गा, प्रेम मिश्रा, अवधेश गुप्ता, राजेश वर्मा, रामनगर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के रतन सिंह, अरविंद तिवारी आदि मौजूद रहे।