वाराणसी। स्वदेशी जागरण मंच और स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन ने बुधवार को यूपी कॉलेज में 12 दिवसीय स्वदेशी मेले का उद्घाटन किया। यह मेला सात नवंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और भारतीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना है। पहले दिन देर शाम तक महिलाएं खरीदारी करती रहीं।
मेले का उद्घाटन उदय प्रताप इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आरपी सिंह और रानी मुरार इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. अनीता ने दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में विभिन्न प्रदेशों के उत्पादों के 55 स्टॉल लगाए गए हैं। मेला प्रमुख डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यह मेला स्वदेशी आचार-विचार और स्थानीय उत्पादों की विशेषताओं से उपभोक्ताओं को अवगत कराएगा। पहले दिन स्वदेशी प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें वैदिक मंत्र उच्चारण, श्लोक प्रतियोगिता और पूजा थाली सजावट प्रतियोगिता हुई। संवाद