वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में बच्चे को स्तनपान कराने के दौरान महिला चिकित्सक डॉ. सुनित्री सिंह से दुर्व्यवहार के आरोपी सिपाही अनिल उपाध्याय को चेतगंज फायर सर्विस स्टेशन पर वापस भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार जांच में महिला के स्तनपान कराने के दौरान सिपाही के वीडियो रिकार्डिंग की शिकायत गलत पाई गई है।
नोएडा से चिकित्सक दंपति अपने परिवार के साथ सोमवार की शाम विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने आए थे। डॉ. सुनित्री सिंह के दुधमुंहे बच्चे को भूख लगी थी तो वे कंट्रोल रूम के बाहर रखी कुर्सी पर बैठ कर बच्चे को स्तनपान कराने लगीं। आरोप है कि इसी दौरान एक सिपाही आया और चिकित्सक को वहां से हटने के लिए कहा। दो मिनट रुकने की बात कहने पर सिपाही दुर्व्यवहार पर उतर आया। चिकित्सक के अनुसार जब वे कुर्सी से नहीं उठीं तो सिपाही मोबाइल से उनकी वीडियो बनाने लगा था।
इसकी शिकायत उन्होंने मौजूद डिप्टी एसपी से की तो उन्होंने ध्यान नहीं दिया। बाद में वह मंदिर के सीईओ से मिली थीं। एसपी ज्ञानवापी सुरक्षा शैलेंद्र कुमार राय ने बताया कि सिपाही को उसके मूल तैनाती स्थल पर भेज दिया गया है। डिप्टी एसपी से जवाब तलब किया गया है। जांच पूरी होने पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट एसएसपी को भेजी जाएगी।