वाराणसी। साईं इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल डेवलपमेंट की ओर से सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी संस्थान केंद्र पर युवा महिला बुनकरों को गुरुवार को ऑनलाइन व्यवसाय की जानकारी दी गई। उद्यम विकास में डिजिटल लेनदेन का महत्व समझाया गया। मुख्य अतिथि नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक सुशील कुमार तिवारी ने कहा कि वित्तीय साक्षरता और डिजिटल लेनदेन स्वरोजगार का बड़ा आधार है। उद्यम के लिए क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूह और ऋण से जुड़ी सब्सिडी योजनाओं की जानकारी एक क्लिक पर पाई जा सकती है।
इस दौरान सिडबी सिगरा के मैनेजर अमित कुमार, निदेशक अजय सिंह ने भी डिजिटल लेनदेन की जानकारी दी। परियोजना प्रबंधक संदीप मौर्या मौजूद रहे। इस अवसर पर मारिया, गजाला, श्रेयांशी, आयुषी, मुस्कान, हुस्ना आदि 15 युवतियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एमएस फरीदी, दिव्या कमल, प्रशांत दुबे, पूजा सिंह रजनी सिंह मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन मो. साजिद फरीदी ने किया।
बालिकाएं सीखेंगी आत्मरक्षा का हुनर
वाराणसी। भारत विकास परिषद के संयोजन में डीरेका के केंद्रीय विद्यालय नंबर चार में योग और प्राणायाम के अलावा आत्म सुरक्षा शिविर गुरुवार से शुरू हुआ। शिविर में बालिकाओं को आत्मरक्षा का हुनर सिखाया जाएगा। 24 जून तक चलने वाले इन शिविरों का उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय एथलीट नीलू मिश्र ने किया। शिविरों का आरंभ भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और वंदेमातरम के गायन के साथ हुआ। योग प्रशिक्षक सरोज और अर्चना ने पचास मिनट का योगाभ्यास कराया। वहीं विनोद कुमार ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। संचालन पंकज कुमार श्रीवास्तव ने किया। शाखा के अध्यक्ष आर बालाजी ने आभार प्रकट किया। इस मौके पर भारत विकास परिषद के सचिव ब्रह्मानंद पेशवानी उपस्थित रहे ।