ज्ञानपुर। पंचायती राज संस्थाओं को सुदृढ़ करने और सामाजिक समरसता बढ़ाने के लिए कई गांवों में सोमवार की रात विशेष चौपाल अभोली के मकनपुर गांव में लगाई गई। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में सभी को रूबरू कराया गया।
जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। 177 गांवों में विशेष ग्राम चौपाल लगाई जा रही है। सोमवार को शाम छह से रात 10 बजे तक कई गांवों में चौपाल लगाकर नोडल अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि चौपाल के एक दिन पूर्व वह गांव में मुनादी कराएं और लोगों को सूचित करें कि गांव में चौपाल लगेगी। इसमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सौभाग्य (प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना) उजाला योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, मिशन इंद्र धनुष, स्वच्छ भारत मिशन (ग्राम), स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, पेंशन योजना, वृद्धावस्था, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल हैंडपंपों का अधिष्ठापन एवं रिबोर, राशन कार्ड आदि के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। नोडल अधिकारी प्रत्येक दिवस होने वाले चौपाल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी अवश्य कराएं। इस मौके पर सीडीओ हरिशंकर सिंह, डीडीओ जयकेश त्रिपाठी आदि रहे।