गोपीगंज। महिलाओं के गले से चेन छीनने वाले गैंग के एक सदस्य और दो सराफा व्यापारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके पास से दो सोने की चेन बरामद की गईं, जिनकी कीमत करीब 90 हजार आंकी गई है।
जिले में बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं के मद्देनजर एसपी सचिंद्र पटेल ने एएसपी डॉ. संजय कुमार और क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर वीके सिंह के निर्देशन में गोपीगंज, ज्ञानपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की एक टीम का गठन किया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार की रात पड़ाव तिराहे के पास से दीनानाथ तिवारी उर्फ पप्पू निवासी गुदड़ीपुर, गोपीगंज को गिरफ्तार किया। मौके से इसके दो साथी, जो बिना नंबर की सफेद अपाचे बाइक से थे, भागने में सफल रहे। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ दो दिन पहले थाना कोइरौना के नेवाजीपुर मोड़ से और तीन दिन पूर्व ज्ञानपुर के लखनो तिराहे के पास से दो महिलाओं की चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। गोपीगंज के झिरियापुल के पास से दो दिन पूर्व एक महिला की चेन छिनैती की थी। इसके अलावा कई अन्य घटनाओं के बारे में भी शामिल होना स्वीकार किया है। आरोपियों ने कोइरौना में छीनी गई चेन घोसिया बाजार में सराफा व्यापारी अनुज बरनवाल और ज्ञानपुर में छीनी गई चेन को गोपीगंज पुलिस चौकी के बगल में स्थित एक प्रतिष्ठान के मालिक सौरभ गुप्ता उर्फ रोमी को कम दरों में बेची था। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने अनुज बरनवाल और सौरभ गुप्ता को गिरफ्तार कर दोनों के पास से लूटी गईं चेन बरामद कर ली। पुलिस टीम में निरीक्षक गोपीगंज सुनील वर्मा, ज्ञानपुर अजय सिंह आदि रहे।