वाराणसी। सारनाथ स्थित रंगीलादास पोखरा के समीप पुलिस पर फायरिंग कर भागे शराब तस्करों के सरगना चोलापुर के राजापुर निवासी बृजेश मिश्रा को बुधवार को उसके दो साथियों के साथ क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। बृजेश के साथियों की शिनाख्त चौबेपुर के कमौली के शिव कुमार गुप्ता और मुस्तफाबाद के सत्यनारायण गुप्ता उर्फ रोहित के तौर पर हुई है। तीनों के पास से .32 बोर की पिस्टल, तमंचा, कारतूस और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर जेल भेज दिया गया।
एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने बताया कि 19 मई को रंगीलादास पोखरा के समीप शराब तस्करों की गिरफ्तारी के दौरान बृजेश पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग निकला था। सर्विलांस और मुखबिर की मदद से क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह को पता लगा कि बृजेश अपने गिरोह के सदस्यों के साथ आशापुर चौराहा के समीप मौजूद है। इस पर क्राइम ब्रांच प्रभारी ने अपनी टीम के एसआई राकेश सिंह, कांस्टेबल सुमंत सिंह, कुलदीप सिंह, रामभवन यादव, चंद्रसेन सिंह, सुरेंद्र मौर्या और इंस्पेक्टर सारनाथ अखिलेश कुमार मिश्रा व उनकी टीम के साथ घेरेबंदी कर तीनों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में बृजेश ने बताया कि उसका गिरोह इंदौर से तस्करी कर बांबे व्हिस्की हंडिया लाता है। हंडिया से छोटे वाहनों में शराब लोड कर एनएच दो के जरिये बिहार के बक्सर सहित अन्य जिलों में पहुंचाई जाती है। बृजेश ने बताया कि जिस वाहन में शराब लदी रहती थी वो उसके आगे बुलेट से चलता था और पुलिस की गतिविधियों की टोह लेता था। बृजेश ने बताया कि वो इसके पूर्व शिवपुर थाने से जेल भेजा गया था। एसपी क्राइम ने बताया कि बृजेश से उसके गिरोह के सदस्यों के बारे में अहम जानकारियां हाथ लगी हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।