ज्ञानपुर। जिले के सभी थानों पर शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सभी नौ थानों पर कुल 96 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें सिर्फ 12 का निस्तारण मौके पर हुआ। सबसे ज्यादा 75 मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे।
पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल सुरियावां थाने पर पहुंचकर लोगों की फरियादें सुनीं। करीब दो घंटे से अधिक समय तक रहे एसपी ने एक-एक लोगों बात सुनी। उन्होंने थानाध्यक्ष को सख्त निर्देश दिया कि आम जनता से बेहतर संवाद रखें। उनकी शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करें। ज्ञानपुर कोतवाली में पांच प्रार्थना पत्र में एक का निस्तारण, गोपीगंज में नौ प्रार्थना पत्र में दो निस्तारित हुए। भदोही में 18 शिकायतों में एक का निस्तारण किया गया जबकि शेष के लिए टीमें रवाना की गई। चौरी में सात प्रार्थना पत्रों में दो, ऊंज में 12 में तीन का निस्तारण किया गया। इसी तरह कोइरौना में सात, औराई में 10 और दुर्गागंज में आए सात प्रार्थना पत्रों में एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। सुरियावां थाने में 21 प्रार्थना पत्रों में 17 राजस्व और चार पुलिस विभाग के रहे। पुलिस विभाग के तीन मामलों का निस्तारण किया गया।