वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र गौरव की हत्या के बाद छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन में तनाव बरकरार है। जिलाधिकारी ने तीन दिनों के अंदर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। छात्र अपने साथी की सरेआम हत्या से नाराज चीफ प्रॉक्टर रोयाना सिंह पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। छात्रों का गुस्से और परिसर में तनाव को देखते हुए एलडी गेस्ट हाउस चौराहा, बिड़ला और ब्रोचा हॉस्टल के सामने भारी फोर्स तैनात रही।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में मंगलवार की शाम को छात्र गौरव सिंह की गोली मारकर सरेआम हत्या कर दी गई थी। इसके बाद विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान उठने लगे हैं। पुलिस लगातार हॉस्टलों में तलाशी अभियान चला रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी के बाद भी परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार को आम दिनों की अपेक्षा कम संख्या में बाहरी लोग भी विश्वविद्यालय परिसर में नजर आए। जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद भी छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। छात्र अपने साथी की हत्या के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को ही जिम्मेदार मान रहे हैं। छात्र हर हाल में चीफ प्रॉक्टर पर कार्रवाई के साथ ही बर्खास्तगी की मांग कर रहे हैं।