वाराणसी। उत्तरी के विधायक रवींद्र जायसवाल ने शुक्रवार को विधानसभा में जर्जर सड़कों की मरम्मत और पार्कों के सुंदरीकरण का मामला उठाया। विधायक ने नियम 51 के तहत लिखित सवाल किया कि मकबूल आलम रोड से पांडेयपुर चौराहे तक का मार्ग अत्यन्त भीड़-भाड़ वाला क्षेत्र है। इस सड़क पर सुबह से लेकर देर रात तक छोटे से लेकर भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। इस मार्ग पर जल निगम द्वारा पेयजल पाइप लाइन बिछाने के दौरान मानक और गुणवत्ता का तनिक भी ख्याल नही रखा गया। परिणामस्वरूप सड़क पर अनेक बार बडे़-बड़े गड्ढे हुए व यह मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त है।
इसी प्रकार परमानंदपुर से नटिनियादाई मार्ग एवं बजरंग नगर कालोनी के भी मार्ग अत्यंत क्षतिग्रस्त है, इसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। जनहित में इन मार्गों की तत्काल मरम्मत कराई जानी चाहिए। नियम 301 के अन्तर्गत विधायक ने उपेक्षित पडे़ सार्वजनिक पार्कों का मामला भी उठाया। कहा कि गणपतनगर कालोनी अशोक विहार फेज 2, अशोक नगर, पटेल नगर कालोनी घनी आबादी वाला क्षेत्र है, इन कालोनियों में सार्वजनिक पार्क तो है, लेकिन रखरखाव के अभाव में ये आज भी उपेक्षित पड़े हैं। जबकि कुल पार्कों में सुबह शाम बच्चों महिलाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ जमा रहती है। ऐसे पार्कों का पुर्ननिर्माण व सुंदरीकरण जरूरी है।