वाराणसी। छावनी क्षेत्र स्थित होटल रेडिसन में युवती के साथ गैंगरेप के आरोपी डॉ. आशुतोष अस्थाना, इंडो-थाई विमानन कंपनी के मैनेजर सत्येंद्र सिंह और ट्रेवल एजेंट के खिलाफ पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी डॉक्टर और मैनेजर को जेल से तलब कराकर पुलिस ने अदालत से रिमांड बनवा लिया है। वहीं, जमानत पर छूटे आबिद की तलाश में पुलिस जुट गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर एक निजी विमानन कंपनी में कार्यरत युवती को बीयर में नशीला पदार्थ पिलाकर 27 मार्च को होटल रेडिसन के चतुर्थ तल स्थित एक कमरे में सामूहिक दुराचार किए जाने का मामला सामने आया था। मामले को लेकर कैंट थाने में दो अप्रैल को मुकदमा दर्ज किया गया। आबिद और बाबतपुर एयरपोर्ट पर तैनात रहे डॉ. आशुतोष को पुलिस ने गिरफ्तार किया जबकि सत्येंद्र ने अदालत में समर्पण कर दिया। अदालत से आबिद को जमानत मिल गई लेकिन बाकी दोनों आरोपी जेल में ही हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है। जल्द ही आबिद को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।