बीएचयू में पांच दिवसीय अंतर संकाय युवा महोत्सव स्पंदन-2018 का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। एंफीथिएटर ग्राउंड में उद्घाटन से पहले निकाली गई सांस्कृतिक शोभायात्रा में विश्वविद्यालय, उससे संबद्ध कॉलेजों से आई टीमों ने वसुधैव कुटुंबकम, स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत, साक्षरता का संदेश दिया। उधर, केएन उडप्पा सभागार में मिमिक्री और स्वतंत्रता भवन में टर्न कोट प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने अपना हुनर दिखाया।
विश्वविद्यालय में छात्र अधिष्ठाता प्रो. एमके सिंह, संयोजक जेके राय के निर्देशन में 12 से 16 मार्च तक चलने वाले महोत्सव के दूसरे दिन शोभायात्रा में छात्र-छात्राओं में गजब का उत्साह दिखा। विश्वविद्यालय कला संकाय, सामाजिक विज्ञान संकाय, कृषि विज्ञान संस्था, विज्ञान संस्थान, नर्सिंग कॉलेज, महिला महाविद्यालय, वसंता कॉलेज राजघाट, वसंत महिला महाविद्यालय कमच्छा, आर्य महिला महाविद्यालय, राजीव गांधी दक्षिणी कैंपस बरकछा आदि जगहों की टीम ने मेरा इतिहास-मेरा गौरव में जहां महामना मदन मोहन मालवीय, झांकी रानी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, कबीरदास, तुलसीदास, महात्मा गांधी आदि का वेष धारण कर संदेश दिया। दूसरी ओर स्वच्छता और साक्षरता के प्रति जागरूकता संबंधी प्रदर्शन भी हुआ, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। उधर महामना सभागार में निबंध लेखन प्रतियोगिता, स्वतंत्रता भवन में आयोजित टर्न कोट में भी प्रतिभागियों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। इस दौरान चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह, डॉ. धीरेंद्र राय, डॉ. सीमा, आर्य महिला पीजी कॉलेज से डॉ. ऋचा मिश्रा, प्रो.साकेत कुशवाहा, आईआईटी से प्रो.बीएन राय आदि मौजूद रहे।