वाराणसी। महादेव की नगरी काशी में जो भी आता है वो यहां का मुरीद हो जाता है। कुछ ऐसा ही फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ भी हुआ। भारत दौरा खत्म होने के दूसरे दिन मंगलवार को राष्ट्रपति ने सात ट्वीट कर बनारस दौरे से जुड़े फोटो और वीडियो ट्वीट किए। कहा, प्रसिद्ध प्राचीन पवित्र शहर बनारस शिव को समर्पित है। आप सभी के स्वागत के लिए धन्यवाद ज्ञापित करता हूं।
राष्ट्रपति मैक्रों ने दीनदयाल हस्तकला संकुल की फोटो के साथ ट्वीट किया कि भारत की विविधता यहां की ताकत है। इसके बाद उन्होंने वीडियो के साथ ट्वीट किया कि सोमवार को वाराणसी में सड़क के दोनों तरफ फ्रांस और भारत के झंडे दिखाई दे रहे थे। आपका उत्साह और आपकी उपस्थिति हम दोनों देशोें के बीच जीवन शक्ति और दोस्ती को दर्शाती है।
इसके बाद उन्होंने एक वीडियो के साथ ट्वीट किया। इसमें लिखा है-प्रिय नरेंद्र मोदी भारत में तीन दिन रोमांचक रहे और इसके लिए धन्यवाद...। हमने अपने द्विपक्षीय रणनीतिक सहयोग को मजबूत किया है। वाराणसी में भारतीय संस्कृति को नजदीक से देखा और प्रभावित हुए। हम आपको जल्द ही फ्रांस में देखना चाहते हैं। आखिरी ट्वीट सोमवार शाम 4:31 बजे किया कि भारत की ताकत इसकी विविधता में निहित है। हम एक-दूसरे से बहुत कुछ साझा कर सकते हैं और सीख सकते हैं।