शिवपुर (वाराणसी)। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से दीनदयाल हस्तकला संकुल में बहार छा गई है। मंगलवार को दौरे के दूसरे दिन तीन हजार से अधिक लोग संकुल पहुंचे। शिल्प संग्रहालय देखा और फिर शिल्पोत्सव मनपसंद सामान की खरीदारी भी की। इनमें कई विदेशी सैलानी भी शामिल थे। संकुल के लोकार्पण के बाद से यह पहला मौका है, जब संकुल नजारा लेने की इतनी उत्सुकता लोगों में दिखी है। संकुल के भव्य गेट और परिसर के साथ संग्रहालय तक जगह-जगह लोगों ने सेल्फी के रूप में अपनी यादें संजोई।
पीएम के दौरे के बाद से हस्तकला संकुल के प्रति आम जन और सैलानियों की अचानक बढ़ी उत्सुकता से वस्त्र मंत्रालय के उच्चाधिकारी भी बेहद उत्साहित हैं। संकुल में लोगों की आवाजाही बढ़े, इसके लिए साल भर से चल रहे प्रयास अब तक रंग नहीं ला पाए थे लेकिन फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से हुई ब्रांडिंग ने कमाल कर दिखाया। दोनों राजनेताओं ने संकुल में 40 मिनट से ज्यादा समय गुजारा था। मंगलवार सुबह दस बजे से ही लोग संकुल पहुंचने शुरू हो गए और फिर दोपहर बाद तक तांता लगा रहा। परिसर के भव्य नजारों के साथ भगवान बुद्ध, कबीर दास की विशालकाय मूर्तियों, म्यूरल आर्ट के साथ लोग सेल्फी लेते और सोशल मीडिया पर शेयर करते दिखे। सबसे अधिक भीड़ शिल्प संग्रहालय और शिल्पोत्सव में दिखी। अपने हस्तशिल्प उत्पादों का स्टाल लगाने वाले शिल्पियों, बुनकरों की तो जैसे मुंहमांगी मुराद पूरी हो गई। दिन भर खरीदारी के लिए स्टालों पर भीड़ लगी रही। अधिकतर लोग परिवार के साथ पहुंचे थे। परिसर के लॉन में बच्चों की उछलकूद जारी थी। किसी भव्य पर्यटन स्थल जैसा नजारा था।