ऊंज (भदोही)। मिर्जापुर के कछवां थाना क्षेत्र से 15 लाख की दाल लदे ट्रक को चोरी कर भाग रहे आरोपी को पुलिस ने ऊंज बॉर्डर पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी को जेल भेज दिया गया। इस मामले में मिर्जापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
नव वर्ष के मौके पर पुलिस होटल, ढाबों और संदिग्ध वाहन की जांच कर रही थी। इसी दौरान कछवां क्षेत्र से चोरी गए ट्रक के इलाहाबाद की ओर जाने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने ऊंज में घेराबंदी कर ट्रक एचआर 38 यू 0280 को बरामद कर चालक अमित कुमार श्रीवास्तव पुत्र सुशील कुमार निवासी मम्फोर्डगंज, इलाहाबाद को गिरफ़्तार कर लिया। ट्रक पर दाल भरी बोरियां लदी थीं। दाल की कीमत 15 लाख रुपये बताई जा रही है। मिर्जापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र में कटका स्थित सरदार ढाबा से ट्रक चोरी हुआ था। इस मामले में सोमवार को ही कछवां थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। बरामद ट्रक के संबंध में थाना कछवां जनपद मिर्जापुर में सोमवार को ही चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ था।