बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से विदेशी मुद्रा व सोेने की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को एक बार फिर 10 लाख 56 हजार रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा के साथ एक यात्री कस्टम विभाग के हत्थे चढ़ा। यात्री इंडिगो के विमान 6ई 97 से वाराणसी से बैंकाक जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। कस्टम की टीम उससे पूछताछ में जुटी हुई है।
कस्टम की जांच के दौरान कोलकाता निवासी मोहम्मद वसीम रजा (50) के पास से पंद्रह हजार डॉलर जो कि भारतीय मुद्रा में लगभग 10 लाख 56000 हजार रुपये होती है, बरामद की गई। वसीम विदेशी मुद्रा हैंड बैग में छिपा कर ले जा रहा था।
इससे पहले यहां 30 अप्रैल 2018 को भी पांच लोगों को एक करोड़ 18 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा के साथ पकड़ा गया था। वे भी बैंकाक जाने की फिराक में थे। एयरपोर्ट पर बढ़ी इन घटनाओं को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं।