घोसिया। औराई थाना क्षेत्र के उगापुर बाजार में बुधवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार कबाड़ व्यापारी की मौत हो गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए औराई-भदोही मार्ग को जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीएम के समझाने पर दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
औराई थाना क्षेत्र के उपरौठ गांव निवासी कमलेश जायसवाल (30) पुत्र राजकुमार जायसवाल की उगापुर में कबाड़ की दुकान है। वह सुबह नौ बजे बाइक से दुकान पर जाने के लिए निकले थे। दुकान से 30 मीटर पहले तेज रफ्तार ट्रक ने व्यापारी को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर चालक भाग गया। वहीं, हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कुछ देर बाद परिवारीजन भी पहुंच गए और हंगामा करने लगे। नाराज लोगों ने भदोही-मिर्जापुर मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। खबर मिलने पर औराई थाना प्रभारी, गोपीगंज एसओ, चौरी एसओ भी पहुंच गए। सुबह 10 बजे से लगा जाम दोपहर 12 बजे एसडीएम के केशवनाथ के समझाने पर समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कमलेश चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे।