वाराणसी। चेतगंज थाने में सोमवार को एसएसपी के वार्षिक निरीक्षण के दौरान दो दरोगा तत्परता के साथ अपनी पिस्टल खोल-जोड़ नहीं पाए। इस पर एसएसपी ने नाराजगी जताते हुए दोनों को तत्परता के साथ पिस्टल खोलने और जोड़ने का तरीका बताते हुए नाराजगी जताई। साथ ही, यह भी कहा कि इतनी देर लगेगी तो सामने मौजूद अपराधी तुम लोगों को अपना निशाना बना लेगा। इस दौरान फाइलों में अधूरी प्रविष्टियां देख एसएसपी ने दीवान को फटकार लगाई और दंड के लिए तलब किया है। इंस्पेक्टर चेतगंज को ताकीद की कि अपराध नियंत्रण के साथ ही कागजातों और फाइलों को दुरुस्त रखने पर भी गंभीरता से ध्यान दें।
एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज दोपहर एक बजे चेतगंज थाने पहुंचे। मालखाना, बंदीगृह, बैरकों, कार्यालय, मेस और असलहों का निरीक्षण करने के बाद इंस्पेक्टर के कक्ष में उन्होंने थाने के रजिस्टरों को चेक करना शुरू किया। 1902 में निर्मित चेतगंज थाने के जर्जर भवन के सवाल पर एसएसपी ने कहा कि जिले के 19 जर्जर थानों का सर्वे पीडब्ल्यूडी से कराकर प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। 14 थानों का सर्वे कार्य पूरा हो गया है। पुराने भवनों की जगह नयों के निर्माण में आने वाले खर्च का प्रस्ताव जल्द ही पीएचक्यू भेजा जाएगा। निरीक्षण के दौरान ही एसएसपी ने सीओ चेतगंज सत्येंद्र तिवारी के साथ चेतगंज इलाके के व्यापारियों और आमजन की जाम सहित अन्य समस्याएं सुनीं और समाधान कराने के लिए इंस्पेक्टर को निर्देशित किया।
थाना परिसर में रह रहे कांस्टेबल के परिवार को नोटिस
चेतगंज थाना परिसर स्थित एक आवास में एक सिपाही का परिवार वर्षों से रहता है और मामला कोर्ट में चल रहा है। उक्त सिपाही की मौत हो चुकी है। यह मामला सामने आने पर एसएसपी ने सिपाही के परिवार को नोटिस जारी कर कानूनी तरीके से आवास खाली कराने का निर्देश दिया।