वाराणसी। तीसरी राष्ट्रीय ओपेन कराटे प्रतियोगिता में मेजबान यूपी 10 स्वर्ण के साथ शीर्ष पर बनी हुई है। पश्चिम बंगाल की टीम छह स्वर्ण और उत्तराखंड ने एक स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अमर उजाला फाउंडेशन और मानव एकेडमी आफ मार्शल आर्ट्स के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को नेशनल कराटे प्रतियोगिता का आगाज संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा के बैडमिंटन हाल में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन विधि-न्याय, खेल, सूचना एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया।
नेशनल कराटे प्रतियोगिता का उद्घाटन के बाद राज्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आत्मरक्षा के लिए कराटे का प्रशिक्षण सभी के लिए अनिवार्य है। खासकर बालिकाओं को कराटे का प्रशिक्षण अवश्य लेना चाहिए। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को खेल के जज्बे को बरकरार रखना चाहिए। जीत हार तो खेल का एक हिस्सा है। असफल होने वालों को सफलता के लिए और बेहतर प्रयास करना चाहिए। शनिवार को सब जूनियर और कैडेट वर्ग की प्रतियोगिता के दौरान यूपी ने 31 पदक, बंगाल ने सात, उत्तराखंड ने पांच, झारखंड ने दो और आंध्र प्रदेश ने एक पदक अपने नाम किए। विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एस.एस. मिश्रा, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के प्रो. सुशील गौतम, डा. रेखा गौतम, संदीप सिंह, कमलापति त्रिपाठी इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डा. सुषमा श्रीवास्तव रहीं।