वाराणसी। गंगा पर अरसे से निर्माणाधीन रामनगर-सामनेघाट पुल का निर्माण अब अंतिम दौर में है। डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने शनिवार को पुल का निरीक्षण कर निर्देश दिया कि 15 अगस्त तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाए। सेतु निगम के अभियंताओं ने डीएम को भरोसा दिलाया कि तय समयावधि में निर्माण पूरा कराकर सितंबर से लोड टेस्टिंग (भार परीक्षण) शुरू करा दिया जाएगा।
चार दिन पहले कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने भी सामनेघाट पुल का निरीक्षण किया था और पंद्रह अगस्त तक काम पूरा करने का निर्देश दिया था। शनिवार को डीएम ने निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के अभियंताओं को हिदायत दी कि निर्माण में किसी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। अभियंताओं ने भरोसा दिलाया कि सितंबर से लोड टेस्टिंग के हफ्ते भर बाद आवागमन शुरू करा दिया जाएगा।