कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप, नकदी चोरी
सिगरा थाना क्षेत्र के फातमान रोड स्थित आइसक्रीम पार्लर के बाहर खड़ी कार के पिछले गेट का शीशा तोड़कर लैपटॉप, 13 हजार नकदी समेत अन्य सामान चोरी हो गया। शुक्रवार की रात हुई घटना के बाबत पीड़ित ने सिगरा थाने में केस दर्ज कराया। रविवार को पुलिस की एक टीम आसपास लगे सीसी कैमरे खंगाले।
सुरभि नगर काॅलोनी निवासी अंकुर श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि वह 25 जुलाई की रात साढ़े नौ बजे कार खड़ी कर सपरिवार आइसक्रीम पार्लर में चला गया। जब लौटा तो देखा कि कार के पिछले बाएं गेट का शीशा टूटा हुआ था और अंदर से लैपटॉप बैग चोरी हो गया। बैग में क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड समेत अन्य बैंकों के पासबुक, चेकबुक अन्य जरूरी सामान थे। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आसपास लगे सीसी कैमरे से आरोपी की पहचान कराई जा रही है।
हत्या के प्रयास मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
हत्या के प्रयास मुकदमे में दो आरोपियों को रामनगर पुलिस ने शनिवार की रात नई बस्ती बघेली टोला से गिरफ्तार किया। रविवार को कोर्ट ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में नई बस्ती बघेली टोला का रहने वाला रामकुमार और प्रदीप कुमार है।
छात्रा से छेड़छाड़ में आरोपी गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में 15 वर्षीय छात्रा से अश्लील हरकत करने के आरोपी को पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में रविवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी कल्लीपुर निवासी दीपक पटेल है। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि किशोरी की दादी ने शुक्रवार को केस दर्ज कराया। आरोपी किशोरी को बहल फुसलाकर खेत में ले गया और छेड़छाड़ की।
महाकाली मंदिर से घंटा चोरी
रामनगर के मुंशीखाना स्थित अतिप्राचीन मां महाकाली मंदिर का घंटा शनिवार की रात चोरी हो गया। थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर मंदिर में चोरी हुई। मुंशी खाना तपोवन के स्थानीय नागरिकों में चोरी की घटना से आक्रोश है। नागरिकों ने स्थानीय थाना रामनगर को तहरीर दी। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
कंटेनर से 31 पशु बरामद, चालक गिरफ्तार
रामनगर पुलिस ने रविवार को कंटेनर में लदे 31 पशु बरामद करते हुए कंटेनर चालक को गिरफ्तार किया। इस दौरान खलासी गाड़ी से कूदकर भाग निकला। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी झारखंड के प्रतापुर थाना क्षेत्र के हुमाजान निवासी मोहम्मद राजा है। तस्कर के खिलाफ इससे पहले भी रामनगर थाना में पशु क्रूरता का मुकदमा दर्ज है।
नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप
लंका थाना क्षेत्र के नुवाव स्थित दवा कंपनी में नौकरी देने के नाम पर 12 युवकों से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रविवार को युवकों ने दवा कंपनी के कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। बलिया नरही थाना क्षेत्र के दियार भरौली गांव के रहने वाले युवकों ने पुलिस को बताया कि दवा कंपनी के कर्मचारियों ने 25000 रुपये लेकर मेडिकल कंपनी में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी।
जमीन की रजिस्ट्री के बहाने 6.50 लाख हड़पे, केस
जमीन की रजिस्ट्री के नाम पर धोखाधड़ी और छलकपट करके सिपाही से 650000 हड़पने मामले में वंशनारायण पटेल के खिलाफ रोहनिया थाने में रविवार को केस दर्ज किया गया। जमीन का सट्टा कराने के बाद मुकर गया और किसी और को जमीन रजिस्ट्री कर दी। 6.50 लाख रुपये भी हड़प लिया। धमकी दे रहा है कि रिश्तेदार विधायक हैं, वर्दी उतरवा लूंगा। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
सेल्समैन की मनबढ़ों ने की पिटाई, केस दर्ज
सारनाथ थाना क्षेत्र के पहड़िया स्थित कपड़े के शोरूम में काम करने वाले सेल्समैन आकाश सिंह की मनबढ़ाें ने पिटाई कर दी। 18 जुलाई की रात घटना के बाबत आकाश ने शनिवार को सारनाथ थाने में नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया। चंदौली के धीना थाना क्षेत्र के बरहन आलमखातोपुर निवासी आकाश सिंह ने पुलिस को बताया कि गाजीपुर के रामपुर टडवा निवासी दिव्यांशु यादव और अज्ञात साथियों के संग मिलकर मारा पीटा। थानाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि दिव्यांशु समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है।
लापता युवक का गोमती नदी में मिला शव
चौबेपुर के कैथी स्थित गोमती नदी में तीन दिन से लापता मोहित सोनी (22) का शव रविवार की दोपहर राजवारी रेलवे पुल के नीचे नदी में उतराया मिला। शुक्रवार की रात मोहित का जूता राजवारी पुल पर मिला था। आजमगढ़ के मेहनाजपुर निवासी मोहित सैनी गुरुवार को मार्कंडेय महादेव दर्शन के लिए घरसे निकला था। पिता रविंद्र सेठ ने पुलिस को बताया कि मोहित सोनी (22) चार भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ट्रेन की चपेट में आने से थाने के चौकीदार की मौत
कपसेठी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर समीप रविवार की सुबह 10 बजे ट्रेन की चपेट में आने से चौकीदार जिलेदार राजभर (60) की मौत हो गई। कपसेठी पुलिस के अनुसार रघुनाथपुर निवासी जिलेदार राजभर उर्फ रजई कपसेठी थाने में चौकीदार थे। परिजनों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि जिलेदार राजभर थाने के लिए घर से निकले थे।
कुछ ही दूर पहुंचे थे कि भदोही से वाराणसी की तरफ जा रही ट्रेन की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सेवापुरी स्टेशन मास्टर ने पुलिस को सूचना दी। जिलेदार के दो पुत्र धर्मेन्द्र और जितेंद्र हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दूसरी मंजिल से गिरकर मजदूर घायल
हुकुलगंज स्थित बर्फ फैक्टरी के पीछे रविवार की दोपहर मकान तोड़ते वक्त मजदूर मुकेश दूसरी मंजिल से गिरकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। चौबेपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर (जाल्हूपुर) निवासी मुकेश मजदूरी करता है। हुकुलगंज में बर्फ फैक्टरी के पीछे शिव मंदिर के पास सुभाष गोंड के मकान में ध्वस्तीकरण कार्य कर रहा था।
मकान की दूसरी मंजिल पर काम करते समय संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पांडेयपुर चौकी इंचार्ज प्रवीण सचान ने अस्पताल में घायल मजदूर से मुलाकात की। मुकेश ने बातचीत में बताया कि वह किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता है।
तेलियाबाग में जर्जर कुएं का कुछ हिस्सा बैठा
जगतगंज के तेलियाबाग स्थित चंपक स्वीट्स के पीछे गली में एक प्राचीन जर्जर कुआं है। रविवार को कुएं का कुछ हिस्सा बैठ जाने से इसके आसपास के मकानों पर प्रभाव पड़ा है। जगतगंज के पार्षद सिद्धनाथ शर्मा ने कहा कि जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल कुएं का निरीक्षण कर नगर निगम को अवगत कराया। तत्काल बैरिकेडिंग करने के लिए विभाग को निर्देश दिया। ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। कुआं बहुत प्राचीन होने के कारण जर्जर हो चुका है।
चार दिन से महिला लापता, गुमशुदगी दर्ज
रोहनिया थाना क्षेत्र मनियारीपुर निवासी शीला देवी 55 वर्ष शुक्रवार की सुबह से लापता है। खोजबीन के बाद परिजनों ने रोहनिया थाने में केस दर्ज कराया है। बेटे अजय कुमार पटेल ने पुलिस को बताया कि मां शीला चार दिन से गायब है।
विद्यालय के लिए निकली छात्रा घर नहीं लौटी
चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर की रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा स्कूल को घर से निकली लेकिन लौटी नहीं है। पिता ने शनिवार को चोलापुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। थाना प्रभारी योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि छात्रा की तलाश की जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने की कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, संविदा कर्मचारी नगरीय परिवहन सेवाएं के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात की। उन्होंने पत्रक के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को बताया कि आज 500 कर्मचारी बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए इस प्रकरण पर आवाज उठाने का निवेदन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 2010 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के शासन काल में जनहित में 130 बसों का बेड़ा वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट को संचालन के लिए दिया गया था, जिसमें करीब 500 कर्मचारियों को रोजगार का अवसर मिला था। परंतु 15 वर्ष का रजिस्ट्रेशन पूर्ण होने के पश्चात बसों को रोक दिया गया और इसी कार्यकाल में इलेक्ट्रॉनिक बसों को लाया गया।
सेंट्रल जेल में ओपन जिम, सेहतमंद रहेंगे कैदी
सेंट्रल जेल में बंद कैदियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए रविवार को ओपन जिम का शिलान्यास और लोकार्पण राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। इसके अलावा उन्होंने वार्ड नारायणपुर सुभद्रा नगर कॉलोनी में काॅलोनीवासियों के लिए पाइप लाइन पेयजल, वार्ड रमरेपुर में 98वीं सीआरपीफ बटालियन की सुविधा के लिए उनके परिसर की चहारदीवारी और सड़क नवनिर्माण, चित्रगुप्त मंदिर रौना बेला मार्ग में सबमर्सिबल व वॉटर कूलर का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि अपनी विधायक निधि से लगभग 78 लाख की धनराशि से लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन कार्यों को शुरू कराया है। जेल अधीक्षक राधेश्याम मिश्रा, अखिलेश मिश्र डिप्टी जेलर, डाॅ. अभिषेक सिंह चिकित्सक जेल, अमित वर्मा, अरविंद सिंह, मनोज सोनकर, पार्षद संदीप रघुवंशी, पार्षद संजय जायसवाल मौजूद रहे।
चचेरे भाई के साथ लूटा था मंगलसूत्र, गिरफ्तार
12 दिन पहले भिखारीपुर गांव में महिला दुकानदार तुलसा देवी से मंगलसूत्र लूटने के आरोपी पंकज यादव उर्फ लालू को पुलिस ने रविवार को मेहंदीगंज से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से लूट का लॉकेट और वारदात में उपयोग बाइक बरामद हुई है।
एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बाइक सवार पंकज और चचेरा भाई अनूप उर्फ सोनू ने 15 जुलाई को भिखारीपुर स्थित महिला तुलसा देवी की दुकान से बिस्किट लिया। महिला के गले में मंगलसूत्र देखा तो दोनों की नियत खराब हो गई और लूट का इरादा दुकान पर ही था, लेकिन लोगों की मौजूदगी होने के कारण दोनों इंतजार में लग गए, जब महिला टंकी पर स्नान करने गई, तो झांसा देकर मंगलसूत्र छीनकर भाग निकले।
करंट की चपेट में आने से माली की मौत
सारनाथ थाना क्षेत्र के बरईपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय के पास पेड़ से बेलपत्र तोड़ते हुए अजीत सैनी (22) की रविवार की सुबह करेंट से मौत हो गई। बिना पुलिस को सूचना दिए परिजनों ने सरायमोहाना घाट पर अंत्येष्टि कर दी। परिजनों ने बताया कि थाना क्षेत्र के घुरहूपुर का निवासी अजीत सैनी माला फूल बेचने का काम करता था। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों ने इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी।
जहरीले जंतु के काटने से युवक की मौत
रोहनिया के माधोपुर स्थित फार्म हाउस पर शनिवार की रात जहरीले जंतु के काटने से सुंदरम साहनी (17) की मौत हो गई। पुलिस को बिना सूचना दिए परिजनों ने रविवार को बेटे का दाह संस्कार कर दिया। मूड़ादेव निवासी गोरख साहनी की शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर माधोपुर में चाय पान की दुकान है। वहीं, एक फार्म हाउस में गोरख साहनी सपरिवार रात में रुकते हैं। रात में सोते समय उनके बेटे सुंदरम साहनी को किसी जहरीले जंतु ने उसे काट लिया। उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुंदरम कक्षा 11वीं का छात्र था।
पीएम के भाई का रामनगर में हुआ स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी का रविवार की सुबह रामनगर में भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजना प्रचार प्रसार अभियान के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार सेठ बिन्नी ने उन्हें अंगवस्त्रम भेंट किया। प्रह्लाद मोदी ने लोगों से समाज की मुख्यधारा से वंचित लोगों की हर संभव मदद करने और उनकी सेवा करने का आह्वान किया। थोड़ी देर यहां रुकने के बाद वह सिंगरौली रवाना हो गए। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह, विनोद सेठ, अनिल गुप्ता, वेदांश सेठ, अंशु गुप्ता आदि उपस्थित थे।
डॉ. कलाम की 10वीं पुण्यतिथि मनाई
कांग्रेस कैंप कार्यालय सरैया में पूर्व पार्षद हाजी ओकास अंसारी के नेतृत्व में रविवार को भारत रत्न पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की दसवीं पुण्यतिथि मनाई गई। लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. जयशंकर जय ने कहा कि वह आधुनिक भारत के कुशल शिल्पी थे। इस मौके पर अशफाक अहमद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, घनश्याम, जैनुल आबेदीन मौजूद रहे।
सपा महिला सभा की उपाध्यक्ष बनीं डाॅ. संध्या
समाजवादी महिला सभा की डॉ. संध्या यादव को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। जिलाध्यक्ष की ओर से जारी मनोनयन पत्र जारी किया गया। डॉ. संध्या यादव तलवारबाजी की राष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ पूर्व विधायक स्व. राजित प्रसाद यादव की पुत्र वधू हैं। इनके मनोनयन पर सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव, सांसद वीरेंद्र सिंह, सांसद प्रिया सरोज, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने बधाई दी है।
सीवर की समस्या का नहीं हो रहा समाधान
सीर गोवर्धनपुर में सीवर समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। क्षेत्र के सपा नेता अमन यादव ने कहा कि बीते बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय लोगों के प्रदर्शन के बाद भी इस समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे सीवर का गंदा पानी सड़कों और लोगों के घरों में भरने से बुखार, संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
12.87 लाख के कार्य का हुआ शिलान्यास
कैंट से भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सरायनंदन वार्ड में 12.87 लाख की लागत से विकास परियोजना का शिलान्यास किया। यहां मैनवा पोखरी से रामजी मुर्गी वाली गली तक 12.87 लाख की लागत से 428 मीटर लंबी गली का निमार्ण कराया जाएगा। उन्होंने आपका विधायक आपके द्वार के तहत जनसंपर्क अभियान किया।
हरियाली शृंगार पर लगा छप्पन भोग
रिमझिम बारिश के बीच रामकटोरा स्थित श्रीराणी सती धाम मंदिर में रविवार हरियाली शृंगार हुआ। माता की सजी जलविहार की झांकी के दर्शन कर भक्त निहाल हो उठे। राणी सती दादी को छप्पन भोग की विशेष आरती से हुई। गायिका सुमन अग्रहरि ने भजन प्रस्तुत किया। पूजन में रमेश चौधरी, केशव जालान, दीपक बजाज, निधिदेव अग्रवाल, रवि बूबना आदि रहे।
बिजली कटौती से धान की रोपाई पर संकट
राजातालाब के जक्खिनी क्षेत्र में कृषि फीडरों पर हो रही अघोषित बिजली कटौती ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। विद्युत आपूर्ति में कमी के चलते किसान ट्यूबवेल और पंप सेट नहीं चला पा रहे हैं। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि सिंचाई के लिए पूरी तरह से नलकूपों पर निर्भर हैं, अनियमित आपूर्ति से समस्या हो रही है।
भाजपा ग्रामीणों पर नहीं दे रही ध्यान
सेवापुरी विधानसभा के ग्राम पंचायत नरसड़ा में समाजवादी पार्टी की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ग्रामीणों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह गांव गांव जाकर इन बातों से लोगों को परिचित कराएं। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कन्हैयालाल राजभर, अमरनाथ यादव, श्रीराम कनौजिया आदि ने विचार रखे।
ग्राम चाैपाल में दी गई जानकारी
सेवापुरी के दो गांवों में चौपाल का आयोजन किया गया। हरिभानपुर ग्राम पंचायत में सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक आयोजित चौपाल में अंत्योदय पात्र गृहस्थी योजना के 5 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के छह, फार्मर रजिस्ट्री के दो, वृद्धा पेंशन के दो, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, विधवा पेंशन और आयुष्मान कार्ड के एक-एक लाभार्थी को पंजीकृत कर योजनाओं से जोड़ा गया। दूसरी चौपाल में यहां अंत्योदय और पात्र गृहस्थी योजना के आठ, पीएम किसान सम्मान निधि के चार, फार्मर रजिस्ट्री के 12, वृद्धा पेंशन के तीन, पीएम सुरक्षा बीमा योजना के एक, स्पॉन्सरशिप योजना के दो और आयुष्मान कार्ड के 10 लाभार्थियों को पंजीकृत कर लाभान्वित किया गया।
गौड़ महासभा की जिला स्तरीय बैठक
आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र की राजातालाब तहसील के पास रविवार को राजेंद्र प्रसाद गौड़ की अध्यक्षता में अखिल भारतवर्षीय गौंड महासभा आयोजित हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष राजेश गौड़ और विशिष्ट अतिथि दीपक गौड़ ने अपने समाज के देवता बड़ा देव का पूजन किया। गौड़ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश गौड़ ने कहा कि प्रदेश के समस्त जिलों में अध्यक्षों का चयन कर संगठन को मजबूत करने पर बल दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान आयोजक विजय गौड़ ने मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ अंगवस्त्र के साथ स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। संचालन कुलदीप गौड़ और धन्यवाद ज्ञापन कन्हैयालाल गौड़ ने किया।
दिखी कहानियों की झलक
महापंडित राहुल सांकृत्यायन केंद्र संस्था की ओर से मुंशी प्रेमचंद की 145वीं जयंती के उपलक्ष्य पर रविवार को कहानी चित्रण और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। गिलट बाजार के एक स्कूल में प्रेमचंद की रचनाओं पर आधारित विषयों पर अपनी कला दिखाई। इसमें वृद्धिका केसरी, मोनिका विश्वकर्मा, लावण्या पांडेय और अनुराधा भारद्वाज ने प्रथम पुरस्कार जीता।
हिंदू ने किया मुस्लिम का शव सुपुर्द-ए-खाक
एक लावारिस मुस्लिम शव को एक हिंदू पुलिसकर्मी और समाज सेवियों ने सुपुर्द-ए-खाक किया। चेतगंज थाने की पुलिस ने एक लावारिस मुस्लिम शव को अंतिम संस्कार के लिए अंजुमन इस्लामियां के अध्यक्ष हाजी मो. शाहिद अली खान को सौंपी। शव को पानदरीबा (सूरजकुंड) कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया।
शिशुओं की देखभाल के लिए डॉ. स्वाति सम्मानित
रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की ओर से रविवार को पांडेयपुर के ईएसआईसी अस्पताल में मातृ एवं शिशु देखभाल विषय पर कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि ईएसआईसी हॉस्पिटल के डीन डॉ. सेल्वा कुमार चेल्या ने रोटरी के सेवाकार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब इस अस्पताल में मेडिकल कॉलेज भी खोला जाएगा। वर्तमान में यहां 220 बेड की सुविधा है।
गायनोकॉलॉजी विभाग की डॉ. स्वाति के नेतृत्व में हजारों माताओं और शिशुओं को सुरक्षित जीवन दिए जाने पर उन्हें सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल के अध्यक्ष रोटेरियन राजेश भाटिया ने डॉ. सेल्वा कुमार चेल्या के इस अस्पताल में उत्कृष्ट योगदान की प्रशंसा की। संयोजन डॉ. नीलिका अंबेश, संचालन डॉ. अनुराधा भाटिया और धन्यवाद ज्ञापन सतीश बजाज ने किया। इस मौके पर पंकज अग्रवाल, डॉ. अरुण कुमार गुप्ता, डॉ. ऋतु गर्ग, डॉ. मनीष चौधरी, डॉ. अविनाश मेहरोत्रा मौजूद रहे।
52 लोगों ने किया रक्तदान
रोटरी क्लब वाराणसी सारनाथ और सखी पैड बैंक के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर में 52 लोगों ने रक्तदान किया। सिद्धगिरीबाग के एक अस्पताल में चले शिविर में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. श्वेता सरीन ने कहा कि रक्तदान महादान है। रोटरी मंडल वाराणसी रीजन के ब्लड डोनेशन चेयरमैन अमित गुजराती ने कहा कि रक्तदान करने का सेहत पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है।
थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए किया रक्तदान
सिंधी कल्याण समिति की ओर से अर्दली बाजार में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। समिति के अध्यक्ष ओपी बदलानी की पहल पर शिविर में सिंधी कल्याण समिति के सदस्यों ने रक्तदान किया। इसमें अनिल आहूजा, नरेश मेघानी, जगदीश शादेजा मौजूद रहे।
भाजपा ग्रामीणों पर नहीं दे रही ध्यान
सेवापुरी विधानसभा के ग्राम पंचायत नरसड़ा में समाजवादी पार्टी की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ग्रामीणों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह गांव गांव जाकर इन बातों से लोगों को परिचित कराएं। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कन्हैयालाल राजभर, अमरनाथ यादव, श्रीराम कनौजिया आदि ने विचार रखे।
सुरों के सप्तक से किया रामाजी शुक्ल को नमन
पं. रामाजी शुक्ल स्मृति न्यास और भाव प्रभा पद्म संस्थान की ओर से रविवार को रामा स्मृति का आयोजन भदैनी स्थित भाव प्रभा पद्म संस्थान में हुआ। शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रमेश कुमार भाटिया एवं पद्मश्री डॉ. राजेश्वर आचार्य ने दीप जलाकर किया। प्रथम प्रस्तुति चंदारानी के गायन की रही। द्रुत तीन ताल में निबद्ध बंदिश प्रीतम मोरा सांवरा से रससिक्त किया। दूसरी प्रस्तुति में डॉ. चारुचंद्र ने राग मारवा में मध्य तीन ताल में निबद्ध बंदिश सुघर सुघर बैठे सब गुणीजन... से आनंदित किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शिवानी शुक्ला आचार्य ने किया। इस अवसर पर नागेंद्र शर्मा, पीयूष आचार्य रहे।
अवैध निर्माण कराया ध्वस्त
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर रविवार को नगवां वार्ड के सामनेघाट के मारुति नगर में नाले के पास 900 वर्ग फीट अवैध निर्माण ध्वस्त कराया गया। यह निर्माण अज्ञात निर्माणकर्ता की ओर से बिना लेआउट स्वीकृत कराए किया गया था। इस मौके पर जोनल अधिकारी संजीव कुमार और अवर अभियंता आदर्श निराला ने कार्रवाई की।
28087 बूथों पर सुनीं पीएम के मन की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 124वें संस्करण को काशी क्षेत्र के सभी 28087 बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना और उसे आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस दाैरान भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने वाराणसी जिले के रोहनिया मंडल में पाैधरोपण किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कर्दमेश्वर मंडल के शक्ति केंद्र कंचनपुर, विद्यासागर राय ने कैंट विधानसभा के बूथ संख्या 64, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बूथ संख्या 337 और सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर ने बूथ संख्या बिंदू माधव वार्ड के बूथ संख्या 257 पर मन की बात सुनी। आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने सिगरा स्थित कैंप कार्यालय पर पीएम के मन की बात सुनी। इसके बाद एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया।
इसी तरह गुलाब बाग पर महानगर कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पीएम के मन की बात सुनी। पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कोदई चौकी पर मन की बात सुनने के बाद हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में हाल ही में हुई भगदड़ की घटना पर दुख प्रकट किया गया।
बच्चे सीखेंगे कथक और चित्रकारी
पांच शहरों में प्रतिभाओं को तराशने के बाद बनारस के बच्चों के लिए पांच दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। वसंत थियोसॉफिकल सोसाइटी कमच्छा के प्रांगण में 28 जुलाई से एक अगस्त तक बच्चों को कथक व चित्रकारी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह जानकारी पं. बिरजू महाराज की नातिन व शिष्या शिंजिनी कुलकर्णी ने रविवार को दी।
अपने अधिकारों के लिए एकजुट हो समाज
अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामआसरे विश्वकर्मा रविवार को काशी आए। सर्किट हाउस पर समाज के महानगर अध्यक्ष विष्णु विश्वकर्मा की अगुवाई में उनका स्वागत हुआ। रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि समाज को सरकारी नौकरियों से लेकर लोकसभा विधानसभा में जनसंख्या के अनुसार सभी राजनैतिक दलों को भागीदारी देनी होगी। समाज को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होना पड़ेगा। स्वागत करने वालों में संदीप शर्मा, शंकर विश्वकर्मा, सगुन विश्वकर्मा, विजय विश्वकर्मा मौजूद रहे।
उर्वरक की कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई
सहायक आयुक्त और सहायक निबंधक हर्ष कुमार ने रविवार को सेवापुरी ब्लाॅक के उर्वरक समिति केंद्र लेडुवाई का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि उर्वरक की कालाबाजारी स्वीकार्य नहीं होगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बेहतर कार्य न करने पर सचिव राहुल कुमार सिंह को फटकार लगाई। समिति का कंप्यूटराइजेशन कार्य एक सप्ताह में पूरा कराने को कहा। वर्तमान में समिति में 49 मीट्रिक टन यूरिया और 10 मीट्रिक टन डीएपी का स्टाॅक है। सहायक आयुक्त ने स्टॉक रजिस्टर, विक्री रजिस्टर, डे बुक, जीएल के बारे में जानकारी ली। उर्वरक की बिक्री पॉस मशीन की ओर से करा किसानों को पावती दिए जाने की बात कही। उन्होंने सहायक आयुक्त ने समिति की ओर से संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का भी निरीक्षण किया। सचिव को निर्देश दिया कि जन औषधि केंद्र का प्रचार प्रसार किया जाए।
जातिगत जनगणना से स्पष्ट होगी स्थिति
काशी सेवा समिति प्रांगण में रविवार को ब्राह्मण परिषद की ओर से पूर्वांचल प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र मिश्रा ने कहा कि अब तक किसी भी सरकार ने ब्राह्मण समाज को वह स्थान नहीं दिया, जिसके वे वास्तविक रूप से हकदार हैं। उन्होंने जातिगत जनगणना की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे समाज की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी इस अवसर पर संजय शेखर पांडेय, श्याम मिश्रा, ज्योति भूषण तिवारी, आदित्य शर्मा, पवन शुक्ला मौजूद रहे।
बरेका में आज व्यापारी बंद रखेंगे दुकानें
बरेका प्रशासन की ओर से बरेका में दुकानों के किराये में बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को व्यापारियों ने अपनी दुकान बंद रखने का निर्णय लिया है। व्यापारी बरेका प्रशासन के निर्णय का विरोध करेंगे। उनका कहना है कि किराया पक्की दुकानों, गुमटी मार्केट, सेंट्रल मार्केट या पूर्वी मार्केट सभी के किराये में 10 गुना की वृद्धि की गई है। यह उचित नहीं है। बैठक में संरक्षिका योग्यता तिवारी, अखिलेश पाठक, रमेश सिंह, रितेश सिंह, शुभम जायसवाल, अतुल सिंह, अवधेश राय मौजूद रहे।
15 अगस्त तक चलेगा विशेष सफाई अभियान
नगर निगम की ओर से सोमवार से 15 अगस्त तक पूरे नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने स्वयं इस सफाई अभियान की कमान अपने हाथ में ली है। नगर आयुक्त ने नगर निगम के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को उनके क्षेत्र, वार्ड निर्धारित कर दिए हैं। अधिकारी तय जगह पर समय से उपस्थित होकर सफाई अभियान की देखरेख करेंगे। सभी अधिकारी प्रतिदिन अपने निर्धारित वार्डों में सुबह और रात निरीक्षण करेंगे। वार्ड की सड़कों, नाले-नालियों, देवालयों और पार्कों में विशेष तौर पर सफाई कराई जाएगी।
मुखर को मिला राज्य स्काउट पुरस्कार
युवा स्काउट मुखर को उत्तर प्रदेश स्काउट गाइड का राज्य पुरस्कार मिला है। रविवार को भिखारीपुर के काशी सेवा शोध समिति के कार्यालय में मुखर को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समिति के राष्ट्रीय सचिव डॉ. टीपी सिंह ने कहा कि स्काउट और गाइड समाज व राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पित होते हैं। उन्होंने पर्यावरण के प्रति उनके विशेष लगाव और एक सच्चे सैनिक की तरह विभिन्न अवसरों पर देश व समाज की सेवा करने की भावना की सराहना की।
मेधावियों को मंजिल तक पहुंचाना ही मकसद
भारतीय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. एनपी सिंह ने समाज के मेधावी और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाकर उन्हें समाज की मुख्य धारा में शामिल करने और योग्य नागरिक बनाने पर जोर दिया। पूर्व आईएएस अधिकारी और भारतीय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. एनपी सिंह ने ये बातें अपने पैतृक गांव बरजी में स्थानीय पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।
ईसी में उठ सकता है प्रमोशन, वेतन विसंगति का मुद्दा
बीएचयू के शिक्षकों ने प्रमोशन, वेतन विसंगति सहित कई समस्याओं को शनिवार को कुलपति प्रो. संजय कुमार के सामने उठाया था। इधर एक साथ बड़ी संख्या में शिक्षकों के केंद्रीय कार्यालय पहुंचने और आवाज उठाने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन भी सकते में आ गया है। रविवार को कुछ शिक्षकों ने एक्जीक्यूटिव काउंसिल (ईसी) के सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय से मुलाकात कर वर्तमान परिस्थिति से अवगत करवाया। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ईसी में यह मुद्दा उठाया जा सकता है।
काशी विद्यापीठ में 5 और 7 अगस्त को होगी परीक्षा
काशी विद्यापीठ में हिंदी और अन्य भारतीय भाषा विभाग में स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर की व्यवसायिक हिंदी परीक्षा 5 अगस्त को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. राजमुनि ने बताया कि परीक्षा सुबह 11 बजे से होगी। स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर की मौखिक परीक्षा 7 अगस्त को होगी। स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर के जिन विद्यार्थियों ने शोध परियोजना अभी तक जमा नहीं किया है, उनको इस तिथि को वृहद शोध परियोजना के साथ हिन्दी विभाग में उपस्थित होना है। बिना अधिन्यास के परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा।
यूपी काॅलेज।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी कॉलेज के विद्यार्थियों को मिलेगा मेंटरशिप का मौका
आईआईएम बंगलूरू के आंत्रप्रेन्योरशिप सेल (ई-सेल) की ओर से यूपी कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीकॉम विद्यार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग की बारीकियां बताई गईं। विशेषज्ञों ने वर्तमान समय में डिजिटल मार्केटिंग को जरूरी बताया। चयनित विद्यार्थियों को आईआईएम बंगलूरू में मेंटरशिप का मौका मिलेगा।
यूपी कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीकॉम के 26 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपने-अपने स्टार्टअप विचारों पर आधारित प्रेजेंटेशन दिया। कई नवाचार और व्यावहारिक व समाजोपयोगी योजनाएं बताईं। मुख्य प्रशिक्षक जुगल चौहान ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए नवाचार के क्षेत्र में काम करते रहने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही एक प्रतिभागी को 15 दिनों के भीतर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने का सुझाव दिया। प्रशिक्षण सत्र के अंतर्गत प्रस्तुत श्रेष्ठ पांच स्टार्टअप विचारों के चयन की घोषणा सोमवार को की जाएगी। चयनित छात्रों को आईआईएम बंगलूरू की ओर से आयोजित मेगा चैंपियनशिप राउंड में भाग लेने का मौका मिलेगा।
आईआईएम में वित्तीय सहायता, मेंटरशिप और तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। समापन सत्र में प्राचार्य प्रो. डीके सिंह ने कहा कि छात्र अब केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि समाधान निर्माता की भूमिका में आ रहे हैं। यह प्रशिक्षण केवल डिजिटल मार्केटिंग सीखने का मंच नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव रहा जिसमें छात्रों ने अपने विचारों को व्यावसायिक आकार देना सीखा। इस दौरान प्रो. आशीष गुप्ता, एसएन मिश्र, सतीश प्रताप सिंह, प्रो. कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
ओलंपियाड में सीएचएस के छात्रों को पहला स्थान
सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस) के विद्यार्थियों ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन की ओर से शैक्षणिक सत्र 2024-25 में करवाए गए ओलंपियाड में बेहतर प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने न केवल प्रथम स्तर की परीक्षा उत्तीर्ण की, बल्कि द्वितीय स्तर की परीक्षा (मंडलीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर) में भी शीर्ष स्थान हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया है।
सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल में बारहवीं के छात्र फैजल को अंतरराष्ट्रीय कॉमर्स ओलंपियाड में 50,000 नकद पुरस्कार के साथ विशिष्ट स्वर्ण पदक, अंतरराष्ट्रीय कांस्य पदक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही दसवीं के छात्र रौशन कुमार को अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में 500 के गिफ्ट वाउचर के साथ अंतरराष्ट्रीय कांस्य पदक व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया है।
छात्रों को मंडलीय स्तर पर उत्कृष्टता के प्रमाणपत्र से भी सम्मानित किया गया है। इसके अलावा विद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थियों को मेरिट सर्टिफिकेट दिया गया है। छात्रों के प्रदर्शन के आधार पर ही विद्यालय को भी इस शैक्षणिक वर्ष में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राजकीय पॉलिटेक्निक में कक्षाएं शुरू
पिंडरा के राजकीय पॉलिटेक्निक कुरु के नव-निर्मित भवन में रविवार को कक्षाओं और कार्यालय का संचालन शुरू हो गया। भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की मौजूदगी में शुभारंभ किया गया। संस्थान का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 अप्रैल को ही कर दिया गया था।
मुख्य अतिथि ने शिक्षा का महत्व बताते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक ने संस्था परिसर में तीन पौधे भी लगाए। पूर्वी क्षेत्र के संयुक्त निदेशक प्राविधिक शिक्षा तजम्मुल अफजाल ने बताया कि पॉलिटेक्निक का भूमि आवंटन 2010 में हुआ था। 2023 से दोबारा काम शुरू हुआ।
पॉलीटेक्निक की कुल लागत 11 करोड़ 62 लाख रुपये थी। संस्था में विद्युत अभियांत्रिकी और टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी की दो शाखाएं संचालित हो रही हैं, और आगामी वर्ष में फार्मेसी शाखा भी शुरू होने की उम्मीद है। पॉलीटेक्निक परिसर में प्रशासनिक और शैक्षिक भवन, एक सुसज्जित कार्यशाला, खेलकूद का मैदान और 60 बेड का महिला छात्रावास भी है।
इसके अलावा कर्मचारियों के लिए टाइप वन के तीन, टाइप टू का एक और टाइप थ्री श्रेणी का आवास भी है। संस्थान के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने लंबे इंतजार के बाद जिले को उसका दूसरा राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान मिला है। वर्ष 2014 में संस्थान को मान्यता तो मिल गई थी, लेकिन भवन तैयार न होने के कारण, पिंडरा पॉलिटेक्निक की कक्षाएं पिछले 11 साल से गाजीपुर पॉलिटेक्निक में संचालित हो रही थी।
आयुर्वेद हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा : डॉ. दयाशंकर
एएनजी आइडियल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से आयुर्वेद पर एक संगोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु और विशिष्ट अतिथि डॉ. भावना द्विवेदी (रिटायर्ड डीओ वाराणसी) रहीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में आयुर्वेद हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विद्यालय के चेयरमैन विपिन बिहारी निगम, अजय निगम, दाऊ जी निगम, अनुराग निगम, डॉ. विकास चतुर्वेदी, अनूप निगम उपस्थित रहे।
व्रत रखकर पति की दीर्घायु की कामना की
श्रावण मास शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर रविवार को हरियाली तीज मनाई गई। सुहागिनों ने सोलह शृंगार कर मां पार्वती और भगवान शिव की पूजा कर पति की दीर्घायु और सुखमय जीवन की कामना की। कुंवारियों ने भी निराजल व्रत रखकर पूजा की। महिलाओं ने रवि योग में भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा की। महिलाओं ने गौरी-शंकर का पूजन किया। घी का दीपक जलाकर आरती उतारी और कथा का श्रवण किया।
वहीं, महिलाएं और युवतियों ने बागों में झूला लगाकर लोकगीतों के साथ झूले का लुत्फ उठाया। उधर, संस्कृत विश्वविद्यालय में महिला अध्ययन केंद्र की ओर से हरितालिका तीज का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा रहे। कजरी गायिका सरोज वर्मा ने कहा कि लोकगीत सदैव संस्कृति, संस्कारों को जीवंत रखते हैं। डॉ. नीलम गुप्ता, प्रो. विधु द्विवेदी ने विचार रखे। लोकगीत, फैशन शो, क्विज आदि कार्यक्रम हुए। इस दौरान प्रो. विद्या, डॉ. विशाखा, डॉ. श्रुति, डॉ. शैल, मंजू सिंह मौजूद रहीं।
कृष्ण विवाह की नाट्य-शैली की प्रस्तुति
भारत विकास परिषद वाराणसी सिटी शाखा ने रविवार को छावनी स्थित होटल में रजतोत्सव मनाया। इस दौरान भगवान कृष्ण के विवाह की नाट्य शैली में प्रस्तुति ने हर किसी को मुग्ध कर दिया। इसमें भक्ति, नृत्य, संगीत और अभिनय का संगम देखने को मिला। इस अवसर पर संस्थापक सदस्यों और पूर्व अध्यक्षों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में प्रांतीय संरक्षक ब्रह्मानंद पेशवानी, अजित मेहरोत्रा,प्रमोद दुबे, रमेश कुमार आदि मौजूद रहे।
भजन से गूंजा संकटमोचन का दरबार
भारत विकास परिषद काशी की ओर से रविवार को संकटमोचन मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। कलाकारों ने प्रभु श्रीराम और हनुमान जी के चरणों में भजनों की प्रस्तुति दी। मनोज डिडवानिया ने डमरू बजे अंग भस्मी लगाए..., सुरेश आहूजा ने हे राम हे राम... से भावविभोर कर दिया। प्रांशु भालोटिया, मीना सिंह, मीता मेहरोत्रा, निशा चोपड़ा, सपना बहल, नीरजा अग्रवाल ने भजन पेश किया। अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, सुरेश आहूजा, सुनीता जैन, निशा चोपड़ा, जीवन खन्ना आदि रहे।
सोलह शृंगार कर कजरी पर झूमीं महिलाएं
सर्व कल्याणम ब्राह्मण महिला संगठन काशी की ओर से परिचय समारोह और हरियाली तीजोत्सव का आयोजन रविवार को महमूरगंज स्थित एक होटल में हुआ। महिलाओं ने सोलह शृंगार कर गीत-संगीत से भरपूर मनोरंजन किया। मुख्य अतिथि भाजपा की प्रदेश मंत्री मीना चौबे, विशिष्ट अतिथि प्रो. शारदा वेलंकर ने समारोह का उद्घाटन किया।
महिलाओं ने कजरी और नृत्य कर सभी को आनंदित किया। संस्थापिका व अध्यक्ष डॉ. सरिता त्रिपाठी ने तीज के महत्व के बारे में बताया। संचालन डॉ. नम्रता मिश्रा व धन्यवाद ज्ञापन रजनी शर्मा ने किया। इस मौके पर अंजलि मिश्रा, मधु लिवारी, डॉ. ममता टंडन, विनीता शर्मा, रचना वाजपेयी आदि रहीं।
रामलीला : पात्रों का चयन, राम बनेंगे अभिनव
चिरईगांव के जाल्हुपुर-टूड़ीनगर में रविवार को श्रीरामलीला समिति की ओर से पात्रों का चयन पीठाधीश्वर आनंद देव सरकार की देखरेख में किया गया। राम की भूमिका कुकुढ़ा निवासी अभिनव, भरत की भूमिका में विराट मिश्रा, लक्ष्मण के रूप में देव पांडेय, शत्रुघ्न की भूमिका में विराज तिवारी और सीता की भूमिका में पंचराव निवासी श्लोक मिश्र का चयन किया गया। यह जानकारी चार्य सिंकू गुरू ने दी। इस अवसर पर मनोज उपाध्याय, श्याम कार्तिक मिश्र, राम विजय सरकार, रितेश सिंह और सत्यम सिंह उपस्थित रहे।
शृंगार के बाद निकाली गई कलश यात्रा
भारतीय महिला शिक्षण संस्था की ओर से रविवार को कलशयात्रा निकाली गई। भागीरथ काॅलोनी सुंदरपुर स्थित त्रिमूर्ति मंदिर से मां मंगला गौरी के शृंगार के बाद यात्रा शुरू हुई और अगिया जोगिया मंदिर महादेव के जलाभिषेक बाद समाप्त हुई। कलश यात्रा का नेतृत्व संस्था की अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने किया। यात्रा में कविता, आकांक्षा, किरण आदि महिलाएं शामिल हुई।
त्रिदेव मंदिर में भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
त्रिदेव मंदिर दुर्गाकुंड में श्री राणी सती श्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से रविवार को भंडारे का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष भरत सराफ व मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल ने बताया कि शिवभक्तों की सुविधा को देखते हुए उनके भोजन की निशुल्क व्यवस्था की गई। इससे पूर्व श्री राणी सती, सालासर हनुमान और खाटू श्याम की अलौकिक झांकी सजाई गई। तीनों विग्रहों को भोग लगाया गया।
मानव अधिकार मिशन ने लगाया शिविर
मानव अधिकार मिशन की ओर से कांवड़ यात्री सेवा शिविर मढ़ौली में लगाया गया। कांवड़ियों को बोतल बंद पानी एवं जूस का वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश, मंडल एवं जिला के पदाधिकारियों और सदस्यों ने योगदान दिया। शिविर का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, प्रदेश महासचिव रवि रंजन सिन्हा, प्रदेश प्रमुख अल्पसंख्यक संरक्षण हाजी अनवारुल हक ने किया।
सवा लाख पार्थिव शिवलिंग का हुआ रुद्राभिषेक
संत पंजाबी महाराज के जन्मोत्सव पर रविवार को रामजानकी मठ ट्रस्ट अस्सी में सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का महारुद्राभिषेक और महामृत्युंजय जाप हुआ। महामंडलेश्वर राजकुमार दास की प्रेरणा से मठ के महंत रामलोचन दास के सानिध्य में पं. उमाकांत याज्ञिक के आचार्यत्व में 11 वैदिक विद्वानों व मठ के बटुकों ने पार्थिव शिवलिंग का पूजन किया। महंत रामलोचन दास ने बताया कि सोमवार को भंडारा होगा। पूजन में शोभित, पूजा, आदर्श, सरावगी, अजय अग्रवाल आदि रहे।