वाराणसी में सोमवार को कैंट के गौतम ग्रीन अपार्टमेंट निवासी दस साल की बच्ची समेत 28 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें बिजनेस मैन, शिक्षक, डॉक्टर शामिल हैं। अब संक्रमितों की संख्या 86 हो गई है। नए मरीजों में पांच लोगों के बारे में स्वास्थ्य विभाग की टीम का कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि अब जिले में कुल मरीजों की संख्या 86 हो गई है। जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए संक्रमित मरीजों का सैंपल भेजा गया है। विभाग की ओर से जारी संक्रमितों की सूची में कमिश्नरी आवास परिसर में 53 वर्षीय महिला, बीएचयू में 25 वर्षीय युवक, बिरदोपुर में 70 वर्षीय महिला, बीएलडब्ल्यू में 48 वर्षीय शिक्षक की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है।
अन्य संक्रमित मरीजों में चकबीही निवासी 42 वर्षीय इंजीनियर, दुर्गाकुंड निवासी 22 वर्षीय छात्र, नेवादा में रहने वाली 31 वर्षीय महिला चिकित्सक, 25 वर्षीय बिजनेसमैन, शिवपुरवा में 24 वर्षीय छात्र शामिल हैं। संक्रमितों में बुखार, सर्दी, जुकाम के लक्षण मिले हैं।