वाराणसी। चौक क्षेत्र में नाली में बाइक गिरी देख एक दरोगा को इतना गुस्सा आया कि उसने समीप खड़े शिक्षक को कसूरवार ठहराते हुए उनकी स्कूटी की चाबी छीन ली और गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। प्रकरण को लेकर महमूरगंज क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी पेशे से शिक्षक डॉ. सिद्धनाथ पांडेय की तहरीर पर चंदौली जिले में तैनात दरोगा रमाशंकर यादव के खिलाफ चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
डॉ. सिद्धनाथ पांडेय के अनुसार वो शनिवार की देर शाम चौक क्षेत्र स्थित एक दुकान से अपने दोस्त आशीष मौर्या के साथ खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान दरोगा रमाशंकर यादव आए और दुकान के सामने नाली में अपनी बाइक गिरी देख आशीष से गालीगलौज करने लगे। इसके बाद अपनी बाइक में बंधी हुई हाकी स्टिक आशीष की ओर दिखा कर जान से मारने की धमकी दी। डॉ. सिद्धनाथ ने बीचबचाव की कोशिश की तो उन्हेें भी दरोगा ने जान से मारने की धमकी दी और स्कूटी की चाबी छीन ली। इसके बाद डॉ. सिद्धनाथ चौक थाने गए और तहरीर देकर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।