हरहुआ। एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में भारत बंद के दौरान बाबतपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाने और सिपाही पर हमला करने के आरोप में गुरुवार की देर रात बड़ागांव थाने में तीन नामजद और दर्जनों अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियोें की धरपकड़ में जुटी हुई है।
बाबतपुर में गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर जाम लगा दिया था। मौके पर आए दरोगा और सिपाही ने समझाकर शांत कराना चाहा तो कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने सिपाही विजय प्रताप यादव पर हमला कर दिया। हमले में घायल सिपाही को लेकर बड़ागांव थाना में पुलिस की ओर से हसनपुर गांव के पेशकार सिंह, गांगकला गांव के आनंद तिवारी और फूलपुर थाना के हरिनाथपुर गांव के मनीष सिंह सहित दर्जनों अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष बड़ागांव ने बताया कि नामजद आरोपियों के घर छापेमारी की गई थी लेकिन सभी भागे हुए हैं।