वाराणसी। एटीएम कार्ड बदल कर और मशीन के की-पैैड को जाम कर बैंक खाते से रुपये उड़ाने वाले अंतर प्रांतीय गिरोह के तीन जालसाजों को सारनाथ पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आए तीनों जालसाजों ने सिगरा, भेलूपुर, रामनगर, मंडुवाडीह, कैंट, शिवपुर, सारनाथ और आदमपुर थाना क्षेत्र में हाल की 40 से ज्यादा वारदातों में संलिप्तता स्वीकारी। होंडा सिटी कार से चलने वाले इस गिरोह के सदस्यों के खिलाफ जिले के थानों में 16 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
तीनों जालसाज की शिनाख्त कैंट थाना के लक्ष्मणपुर के प्रदीप कुमार सिंह उर्फ बाबू, अर्दली बाजार के आफताब खान उर्फ समी और लेढ़ूपुर मुस्लिम बस्ती के समीर खान उर्फ सोनू के तौर पर हुई है। गिरोह के सरगना बड़ा लालपुर निवासी रिंकी खान और पक्की बाजार के बबलू कुरैशी की पुलिस को तलाश है। गिरफ्त में आए बदमाशों के पास से एक देसी पिस्टल, एक तमंचा, चार कारतूस, पांच एटीएम कार्ड, चोरी के चार मोबाइल व एक बाइक और 2300 रुपया बरामद हुआ है।
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक सारनाथ भारत भूषण तिवारी ने अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर प्रदीप, समीर और आफताब को सिंहपुर गांव स्थित पुलिया से गिरफ्तार किया है। तीनों ने बताया कि एटीएम मशीन के की-पैड को जाम कर बुजुर्गों व महिलाओं की मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खाते से रुपये निकाल लेते थे या ऑनलाइन शॉपिंग कर लेते थे। कार से चलने के कारण गिरोह के सदस्यों पर कोई शक नहीं करता है। एसपी सिटी ने बताया कि रिंकी और बबलू की गिरफ्तारी के लिए एक टीम लगाई गई है।