ज्ञानपुर। सातवें वेतनमान का लाभ न मिलने से नाराज अखिल भारतीय डाक संघ के कर्मियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भी कर्मियों ने कामकाज ठप रखकर विरोध जताया। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जहां डाकघरों में करीब एक करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ, वहीं, रजिस्ट्री और जरूरी पत्र डंप पड़े हुए हैं।
ज्ञानपुर मुख्य डाकघर पर सभा कर कर्मियों ने विरोध-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि केंद्र सरकार के सौतेले व्यवहार के चलते उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सातवें वेतन और कमलेश चंद्रा की रिपोर्ट लागू नहीं की जा रही है। कहा कि जब तक सातवें वेतन को लागू नहीं किया जाएगा, वे आंदोलन नहीं रोकेंगे। आंदोलन से उप डाकघर ऊंज, कोइरौना, महराजगंज, जंगीगंज समेत 12 और 82 ग्रामीण शाखा डाकघरों में भी कामकाज ठप है। इससे लाखों का लेनदेन प्रतिदिन प्रभावित हो रहा है। शाखा डाकघरों में जहां तीन दिनों में करीब एक करोड़ तो उप डाकघरों में दो करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ। हड़ताल से डाकघरों में पत्र, पार्सल, रजिस्ट्री समेत अन्य सामान बोरे में ही भरे पड़े हैं। इस मौके पर विश्वजीत दूबे, श्री नारायण, राम सजीवन, बोधई राम, गुलाब विश्वकर्मा, पंचलाल, उमाशंकर, प्रेमधर, जयशंकर, पवन कुमार, माधव मिश्र, अमर चंद यादव आदि रहे। गोपीगंज संवाददाता के अनुसार, उप डाकघर के कर्मियों ने तीसरे दिन हड़ताल जारी रखा। इस मौके पर डाक सेवक नागेंद्र मौर्य, अरविंद पांडेय, अमरजीत शुक्ल, राजबहादुर यादव, पवन कुमार, राजेंद्र बहादुर , प्रमोद कुमार यादव, दिनेश शुक्ल, जगदीश तिवारी, विजयशंकर बिंद, संजय यादव आदि रहे।