भदोही। प्रदेश के सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री सत्यदेव पचौरी ने कहा कि कालीन उद्योग से जुड़ी समस्याएं सरकार दूर करेगी। जून में इंडिया कारपेट एक्सपो भवन राज्य सरकार को मिलने के बाद यहां कारपेट मेला सहित अन्य गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी। कहा कि कारपेट मार्ट का किसी भी तरह का भार कालीन उद्यमियों पर नहीं डाला जाएगा। वे बृहस्पतिवार की शाम अखिल भारतीय कालीन निर्माता संघ के सभागार में कालीन उद्यमियों को संबोधित कर रहे थे।
निर्यात प्रोत्साहन मंत्री ने कहा कि कालीन उद्योग हमारा परंपरागत उद्योग है। सरकार जिस रोजगार को बढ़ाने के लिए दिन रात एक किए हुए है, वह इस उद्योग में मिलता है। यहां से 10 हजार करोड़ की विदेशी मुद्रा प्राप्त होती है। इसके लिए हमारे पास अनेक योजनाएं हैं। हम आपके साथ बैठकर आपके सुझाव पर काम करेंगे। कहा कि जब तक हमारी योजनाएं अंतिम पंक्ति तक न पहुंचे, तब तक सभी योजनाएं बेमानी हैं। कहा जीएसटी अथवा श्रम कानूनों में राज्य सरकार से जो कुछ हो सकेगा हर हाल में करेगी। बताया कि ईवे बिल पर राज्य की समस्याएं समझने के लिए 28 मई को केंद्र से जीएसटी की टीम आ रही है। उनके सामने कालीन उद्योग की समस्याओं को रखा जाएगा। आशा है समस्याएं दूर होंगी और राह आसान होगी। इसके पूर्व एकमाध्यक्ष गुलाम सर्फुद्दीन अंसारी ने निर्यात प्रोत्साहन मंत्री का कालीन भवन में स्वागत किया। पूर्व एकमाध्यक्ष रवि पाटोदिया और कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के पूर्व चेयरमैन ओपी गर्ग ने कालीन उद्योग में जीएसटी, ईवे बिल और श्रम कानूनों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से उन्हें जानकारी दी। संचालन मानद
सचिव, पीयूष बरनवाल ने किया। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी ने भी कालीन उद्योग की समस्याओं से अवगत कराते हुए दूर करने का आग्रह किया। शैलेंद्र दूबे, भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक, पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल, हाजी शौकत अली अंसारी, हाजी अब्दुल हादी अंसारी, शमीम अंसारी, पीसी जायसवाल, जयप्रकाश गुप्ता, हाजी शाहिद हुसैन, शिवसागर तिवारी, अशफाक अंसारी, एके ठुकराल, अरशद वजीरी, राजाराम गुप्ता, राम गोपाल गोयल, शाहिद जमाल, दिलीप गुप्ता, एचएन मौर्य, आलोक बरनवाल, हसनैन अंसारी, मकसूद अंसारी, इम्तीयाज अंसारी, इस्तीयाक खां, मुश्ताक अंसारी आदि मौजूद रहे।