वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर स्थित कमसम के स्टॉल से 15 रुपये की रेलनीर की बोतल यात्रियों को 20 रुपये में बेची जा रही है। यात्रियों के विरोध व शिकायत पर रेल प्रशासन तथा आईआरसीटीसी की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। शिकायत सही पाए जाने पर फर्म व स्टॉल प्रबंधक पर आवश्यक कार्रवाई के लिए लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी के मंडल कार्यालय को पत्र लिखा गया। साथ ही स्टाल पर बिना मेडिकल के काम कर रहे एक व्यक्ति को आरपीएफ के हवाले कर दिया गया।
कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की प्यास के साथ सौदा किया जा रहा है। बढ़ती गर्मी से पानी की जरूरत व बढ़ी मांग को ध्यान में रखते हुए ब्रांडेड ही नहीं लोकल कंपनी के पानी भी खुलेआम प्लेटफार्म व ट्रेनों में बेचे जा रहे हैं। कमसम के स्टाल पर मैनेजर क ी मौजूदगी में रेलनीर की 15 रुपये की बोतल यात्रियों को 20 रुपये में बेची जा रही है। पानी की बोतलों पर लिखे रेट को नाखून से खुरच दिया गया है ताकि सही रेट का पता न चल सके।
गुरुवार को दोपहर में एक यात्री के विरोध के बाद हंगामा खड़ा हो गया। अधिकारियों तक बात पहुंची तो आनन फानन में मुख्य खान पान निरीक्षक व आईआरसीटीसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में मामला सही पाया गया। ज्यादा रेट में पानी बेचने वाले कर्मचारी हरदोई के जितेंद्र को आरपीएफ के हवाले कर दिया गया। वहीं मैनेजर गुलशन झा के खिलाफ कार्रवाई के लिए आईआरसीटीसी के सीआरएम को लिखा गया है।