वाराणसी। नई व्यवस्था के तहत बगैर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के वाहन नहीं मिलेंगे। यह व्यवस्था एक अप्रैल से लागू की जा चुकी है। इससे आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए गुरुवार को बाबतपुर स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय पर पंजीकृत डीलरों की बैठक हुई।
आरटीओ रामफेर द्विवेदी ने कहा-सभी डीलर सुनिश्चित कर लें कि बिना एचएसआरपी के कोई वाहन नहीं बेचेंगे। इसके तहत वाहनों के आगे और पीछे शीशे के बायीं ओर बार कोड अंकित होगा। बार कोड स्कैनर से स्कैन करने पर वाहन की पूरी जानकारी मिल जाएगी। एआरटीओ प्रशासन अमित राजन राय ने कहा- अब यह पता किया जा सकेगा कि कितने वाहनों की बिक्री हुई और कितने वाहनों पर एचएसआरपी लगाया गया। डीलरों की ओर से वाराणसी मोटर्स के प्रोपराइटर एहसान खान ने बताया कि व्यवहारिक दृष्टि से इसमें दिक्कत आ सकती है। ग्राहक चाहते हैं कि जब वाहन खरीदें तभी उन्हें नंबर मिल जाए। निर्णय लिया गया कि बगैर एचएसआरपी के वाहन नहीं देंगे। अधिकारी इस काम में सहयोग के लिए जनता से अपील करेंगे।