वाराणसी। शौर्र्य दिवस पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के जुलूस में निकले तलवार मामले में कांग्रेस ने शुक्रवार को एडीएम सिटी व एसपी सिटी से मुलाकात कर कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस तरह तो शहर में अराजकता फैल जाएगी। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि सुंदरपुर से लंका तक खुले आम हाथों में धारदार हथियार लहराते हुए प्रदर्शन किया गया। यह तो कानून व्यवस्था का खुलेआम उल्लंघन है। आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल ने बाबरी मस्जिद को गिराने की तिथि पर सड़कों पर प्रतिबंधित धारदार शस्त्रों को लहरा रहे हैं। यह समाज में अराजकता फैलाने और लोगों में भय पैदा करने के लिए है। इसलिए इनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि काशी के इतिहास में पहली बार इस तरह का खुलेआम अपराधिक कृत्य किया गया है। धार्मिक पर्वों को छोड़ दिया जाय तो ऐसा कभी भी खुलेआम नहीं हुआ था। यह एक सोची समझी साजिश है। कार्रवाई न होने पर जनता में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास कम होगा। इस दौरान जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, सीताराम केसरी, पूर्व विधायक अजय राय, डॉ. अनिल उपाध्याय, वीरेंद्र कपूर, शैलेन्द्र सिंह, देवेंद्र सिंह, वीरेंद्र कपूर, राकेश चंद्र, राघवेंद्र चौबे, डॉ. नृपेन्द्र नारायण सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।